Gold Silver

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के स्टूडेंट्स ने पुलिस थाने का शैक्षणिक दौरा किया, जाना पुलिस का कार्य

खुलासा न्यूज बीकानेर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 3 वायुसेना स्थल नाल के स्टूडेंट पुलिस कैडेट योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों ने पुलिस थाना नाल का शैक्षणिक दौरा किया। इस विशेष विजिट का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, उनके दायित्वों एवं कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था। विद्यालय के प्राचार्य नरसी लाल बिजारणियां एवं प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश दर्जी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देकर इस दौरे के लिए रवाना किया। विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के शिक्षक धर्मवीर महला, पन्नालाल मेघवाल एवं सुषमा आर्य भी उपस्थित रहे। विजिट के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस थाने के विभिन्न सेक्शनों का अवलोकन किया, जिसमें एच. एम. कार्यालय, मालखाना, महिला डेस्क, अनुसंधान कक्ष, बंदीगृह, कंप्यूटर कक्ष, शस्त्रागार कक्ष एवं थानाधिकारी ऑफिस प्रमुख थे।

थाना प्रभारी SHO सुभाष चन्द ने विद्यार्थियों से संवाद किया और पुलिस की कार्यप्रणाली, उनकी जिम्मेदारियों एवं समाज में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने पुलिस से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका SHO ने विस्तार से उत्तर दिया। थाने के एच. एम. श्रवण राम ने विभिन्न सेक्शनों के कार्यों के बारे में बताया, वहीं कांस्टेबल दिनेश ने शस्त्रागार कक्ष में मौजूद हथियारों के बारे में जानकारी दी और उनका प्रेजेंटेशन भी किया।

महिला डेस्क की जिम्मेदारियों को समझाने के लिए महिला कांस्टेबल बंता ने विद्यार्थियों से बातचीत की और बताया कि महिला डेस्क पर महिलाओं से संबंधित मामलों की सुनवाई एवं सहायता कैसे की जाती है। वहीं, कांस्टेबल रमेश ने कंप्यूटर कक्ष में पुलिस के डिजिटल कार्यप्रणाली की जानकारी दी।

इस दौरान पुलिस थाना नाल द्वारा विद्यार्थियों को जलपान भी करवाया गया और उनके सभी प्रश्नों एवं शंकाओं का समाधान किया गया।

विद्यालय के प्राचार्य नरसी लाल बिजारणियां ने पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने विद्यार्थियों को पुलिस थाने की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर प्रदान किया। इस विजिट से विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की जिम्मेदारियों, अनुशासन और सेवा भाव को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर मिला, जिससे उनमें कानून व्यवस्था और समाज सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ी। यह शैक्षणिक दौरा विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक अनुभव रहा, जिससे उन्हें पुलिस के कार्यों को करीब से जानने और समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ।

Join Whatsapp 26