
बीकानेर: किराए पर खाते लेकर किया करोड़ों का खेल, यूं पकड़ में आया गिरोह







बीकानेर: किराए पर खाते लेकर किया करोड़ों का खेल, यूं पकड़ में आया गिरोह
बीकानेर। किराए पर खाते लेकर आमजन के साथ करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपियों ने अलग-अलग राज्यों के लोगों के साथ एक करोड़ रुपए से अधिक की राशि ठगी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर) खान मोहम्मद ने बताया कि बीकाजी फैक्ट्री के पीछे महाराणा प्रताप कॉलोनी निवासी लक्ष्मण सिंह पुत्र विजय सिंह एवं पारवा निवासी श्यामसुंदर राहड़ पुत्र श्रवण कुमार बिश्नोई को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लक्ष्मण को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। वहीं श्याम सुंदर को शुक्रवार को न्यायालय में पेश करेंगे। मिली जानकारी के अनुसार बीकानेर में 100 खातों की जांच-पड़ताल में पता चला कि लक्ष्मण के खाते से मार्च-अप्रेल में अत्यधिक लेन-देन हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि खाता 10 प्रतिशत कमिशन पर श्याम सुंदर बिश्नोई को दिया है। पुलिस के रडार पर जिले के 10 से अधिक युवा हैं, जिन्होंने बैंक खाते किराए पर दे रखे हैं। दरअसल यह पूरा गिरोह है। श्याम सुंदर अकेले ने 40 खाते किराए पर ले रखे है। श्याम सुंदर के अलावा बीकानेर के पांच युवक हैं, जिन्होंने खाते किराए पर लिए हैं। गिरोह के सदस्य कई लोगों को 10 प्रतिशत कमिशन का लालच देकर खाता किराए पर लेते हैं। बाद में आमजन से किए जाने वाली फ्रॉड की राशि उक्त खाते में ट्रांसफर करते हैं। बाद में यह राशि एटीएम कार्ड व चेक से विड्रॉल करवा लेते हैं।

