
जज के घर मिली पियोन की जली हुई लाश, एसीपी ने कहा – जाँच चल रही है






जयपुर में गुरुवार सुबह जिला जज एस छालाना के घर में पियोन की जली हुई लाश मिली। सुबह करीब साढ़े आठ बजे तक छत से नीचे नहीं आया तो परिवार ने ऊपर जाकर देखा। इस दौरान छत का गेट बंद था। किसी ने दरवाजा नहीं खोला। परिवार ने खिड़की से देखा तो छत पर एक जली हुई बॉडी पड़ी थी। यह बॉडी पियोन सुभाष मेहरा (34) की थी। जज के परिवार ने भांकरोटा पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस इस मामले को सुसाइड मान रही है। उनका कहना है कि पियोन ने पहले खुद को चाकू मारे। फिर थिनर डालकर आग लगा ली।
भाकरोटा क्षेत्र के कमला नेहरू नगर में एस छालाना का निजी आवास है। परिवार के साथ वो इसी घर में रहते हैं। एसीपी अनिल शर्मा ने बताया कि सुभाष मेहरा लालवास जयसिंहपुरा खोर का रहने वाला है। वह 2011-12 में अनुकम्पा पर कोर्ट की नौकरी पर लगा था। उसकी ड्यूटी एस छालाना के पास थी। रात को देर होने पर कई बार वह जज के घर पर ही रुक जाता था।
उधर, जानकारी मिलने पर एसीपी बगरू अनिल शर्मा मौके पर पहुंचे। मौके पर फोरेंसिक टीम बुलाई गई। फोरेंसिक के अधिकारियों ने सुभाष के भाई की उपस्थिति में छत का दरवाजा खोला। एसीपी ने कहा कि फिलहाल इतनी जानकारी मिली है कि वह परेशान चल रहा था। आगे की जांच की जा रही है।


