
राजस्थान में पेट्रोल-डीजल के दाम होंगे कम, केंद्रीय राज्यमंत्री ने दिए संकेत





राजस्थान में पेट्रोल-डीजल के दाम होंगे कम, केंद्रीय राज्यमंत्री ने दिए संकेत
जयपुर। राजस्थान की जनता के लिए एक बड़ी खबर। बस कुछ दिन का इंतजार कीजिए पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम होने वाली हैं। केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने राजस्थान में पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम करने के संकेत दिए हैं। राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने रविवार को बालोतरा के लघु उद्योग मंडल व सीईटीपी की ओर से आयोजित सम्मान व स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल राजस्थान में बिक रहा है, इसकी वजह अधिक टैक्स लगना है। अधिक टैक्स का फायदा नहीं मिल रहा है। इसके उलट राजस्थान की जनता को नुकसान हो रहा है। केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने आगे बताया कि बड़े वाहन और ट्रांसपोर्टर पड़ोसी राज्यों गुजरात, पंजाब व हरियाणा से डीजल भरवा कर आ जाते हैं। इस वजह से प्रदेश के बॉर्डर क्षेत्र के पेट्रोल पंप बंद पड़े हैं। पेट्रोल-डीजल की कीमतों की मार स्थानीय जनता पर पड़ रही है। इसे लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भी बात की है। आने वाले दिनों में खुशखबरी भी मिलेगी।


