Gold Silver

सेंसेक्स 220 अंक चढ़कर 71,292 पर खुला:पेटीएम का शेयर 6% से ज्यादा फिसला, आज से विभोर स्टील ट्यूब्स ​​​​​​​के IPO में निवेश का मौका

शेयर बाजार में आज यानी मंगलवार (13 फरवरी) को बढ़त देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 220 अंक की तेजी के साथ 71,292 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी में भी 48 अंक की तेजी रही, ये 21,664 के स्तर पर ओपन हुआ। शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 में तेजी और 8 में गिरावट देखने को मिली रही है।

पेटीएम के शेयर में आज 6% से ज्यादा की गिरावट देखने को मिल रही है। ये 27.70 रुपए (6.56%) गिरकर 394.50 रुपए पर कारोबार कर रहा है। सरकार के पेटीएम पर एक्शन के बाद इसके शेयरों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है।

विभोर स्टील ट्यूब्स के IPO में निवेश का मौका
आज यानी 13 फरवरी से विभोर स्टील ट्यूब्स का IPO खुल चुका है। ये IPO आम निवेशकों के लिए 15 फरवरी तक खुला रहेगा। इसका प्राइस बैंड 141 रुपए से लेकर 151 रुपए प्रति शेयर निर्धारित किया गया है। इस इश्यू का साइज 72.17 करोड़ रुपए है।।

इस IPO का लॉट साइज 99 शेयरों है। एक लॉट की बोली लगाने के लिए आपको कम से कम 14,949 रुपए का निवेश करना होगा। इस शेयर की लिस्टिंग 20 फरवरी, 2024 को NSE और BSE पर होने की संभावना है।

कल बाजार में रही थी गिरावट
इससे पहले कल यानी 12 फरवरी शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 523 अंक की गिरावट के साथ 71,072.49 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 166 अंक की गिरावट रही, ये 21,616 के स्तर पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 21 में गिरावट और 9 में तेजी देखने को मिली थी।
Join Whatsapp 26