
पीसीसी की तर्ज पर यूथ कांग्रेस में भी होंगे शहर-ग्रामीण जिलाध्यक्ष







खुलासा न्यूज, बीकानेर। राजस्थान में होने जा रहे यूथ कांग्रेस के चुनाव में महासचिव पद पर ट्रांसजेंडर्स के लिए रिजर्व सीट रखी गई है। राजस्थान के राजनीतिक इतिहास में पहली बार किसी पार्टी में संगठनात्मक रूप से कोई सीट ट्रांसजेंडर्स के लिए रखी है। हाल ही में राजस्थान में यूथ कांग्रेस के चुनावों की घोषणा हुई है। इन चुनावों में संगठन में महासचिवों की संख्या को 10 से बढ़ाकर कांग्रेस ने 45 कर दिया है। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में महासचिव चुने जाएंगे। यूथ कांग्रेस के इन 45 महासचिवों में 14 सीटें तो ओपन होंगी। इसके अलावा 1 सीट ट्रांसजेंडर्स के लिए तो 1 सीट फिजिकल हैंडिकैप के लिए रिजर्व होगी। वहीं महिलाओं को बढ़ावा देने के लिए 11 सीटें महिलाओं के लिए भी रिजर्व रखी गई है। एससी-एसटी की महिलाओं के लिए 2 सीटें होंगी। वहीं पांच सीटें माइनॉरिटी, 5 सीटें ओबीसी, 3 एससी और 3 एसटी के लिए रिजर्व रखी गई हैं। अब तक कांग्रेस सिर्फ 10 महासचिव बनाती थी।
पीसीसी की तर्ज पर यूथ कांग्रेस में भी शहर-ग्रामीण जिलाध्यक्ष
यूथ कांग्रेस ने इस बार संगठनात्मक ढांचे में भी बदलाव किया है। पीसीसी (प्रदेश कांग्रेस कमेटी) की तर्ज पर अब यूथ कांग्रेस में भी शहर और ग्रामीण जिलाध्यक्ष होंगे। ऐसे में इस बार 40 जिलाध्यक्ष यूथ कांग्रेस के चुने जाएंगे। इनमें 27 जिलों में तो एक-एक जिलाध्यक्ष ही होंगे। मगर जयपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर और बीकानेर में 2-2 जिलाध्यक्ष होंगे। जोधपुर में 3 जिलाध्यक्ष बनाए जाएंगे।


