एक ओर कांग्रेस एमएलए का निधन,14 दिसंबर से दिल्ली में चल रहा था इलाज

एक ओर कांग्रेस एमएलए का निधन,14 दिसंबर से दिल्ली में चल रहा था इलाज

उदयपुर। उदयपुर के वल्लभनगर से कांग्रेस के विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत का दिल्ली में निधन हो गया। 48 वर्ष के शक्तावत आईएलबीएस अस्पताल में भर्ती थे। लिवर की समस्या को लेकर उनका पिछले 37 दिनों से उपचार चल रहा था। उन्होंने बुधवार सुबह 5 बजे अंतिम सांस ली। गजेंद्र सिंह शक्तावत का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 11 बजे को उनके पैतृक गांव भींडर में होगा।विधानसभा में 4 सीटें खाली हो गई हैं। 3 माह में कांग्रेस के 3 और भाजपा के एक विधायक का ​निधन हो चुका है।
शक्तावत को इलाज के दौरान ही कोरोना संक्रमण भी हो गया था, लेकिन उन्होंने कोरोना को हरा दिया था। उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई थी। वे उदयपुर की वल्लभनगर विधानसभा सीट से दूसरी बार विधायक बने थे।
इससे पहले 2008 में भी कांग्रेस पार्टी के टिकट पर जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। तब पार्टी ने उन्हें संसदीय सचिव की भी जिम्मेदारी दी थी। बता दें कि वह कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे पूर्व गृहमंत्री गुलाब सिंह शक्तावत के बेटे थे।
संवेदना जताने आवास पर पहुंचे लोग, गहलोत-पायलट ने जताया शोक
गजेंद्र सिंह शक्तावत के निधन पर उनके आवास पर लगातार लोग पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने भी शक्तावत के निधन पर संवेदना व्यक्त की है।
वहीं, सीएम गहलोत ने शक्तावत के निधन के बाद आज होने जा रही कैबिनेट बैठक को भी निरस्त कर दिया है। बता दें कि गजेंद्र सिंह शक्तावत सचिन पायलट खेमे के खास नेता माने जाते थे। बीते दिनों हुए राजनीतिक घटनाक्रम में शक्तावत ने सचिन पायलट का साथ दिया था।

3 माह में दो पायलट समर्थक विधायकों का निधन, पहले मेघवाल अब शक्तावत : पिछले तीन माह में कांग्रेस के तीन विधायकों का निधन हुआ उनमें से दो सचिन पायलट खेमे ​के हैं। मास्टर भंवरलाल के बाद अब गजेंद्र सिंह शक्तावत का निधन हुआ है। गजेंद्र सिंह शक्तावत घोर पायलट समर्थक थे। पायलट खेमे की बगावत के समय गजेंद्र शक्तावत पूरे समय मानेसर में बाड़ेबंदी में रहे थे।

उपचुनाव में सिम्पैथी कार्ड खेल सकती है कांग्रेस,गजेंद्र शक्तावत के बड़े भाई देवेंद्र सिंह को टिकट दे सकती है कांग्रेस : वल्लभनगर सीट पर अब टिकट के दावेदारों पर चर्चा शुरु हो गई है। कांग्रेस वल्लभनगर सीट पर सिम्पैथी कार्ड खेल सकती है, कांग्रेस गजेंद्र सिंह शक्तावत के बड़े भाई देवेंद्र सिंह शक्तावत को उम्मीदवार बना सकती हैं देवेंद्र सिंह शक्तावत भिंडर नगरपालिका के अध्यक्ष और उदयपुर देहात कांग्रेस के उपाध्यक्ष रह चुके हैं।

Join Whatsapp
खबरें और विज्ञापन के लिए इस नंबर पर व्हाट्सएप करें- 76659 80000 |खबरें और विज्ञापन के लिए इस नंबर पर व्हाट्सएप करें- 76659 80000 |