
महिला के हत्यारों का नहीं चला कोई अता-पता






खुलासा न्यूज बीकानेर। नोखा के चरकड़ा गांव में वृद्ध महिला की हत्या का राज पुलिस चौबीस घंटे बाद भी नहीं खोल पाई है, हालांकि पुलिस को प्रथम दृष्टया लग रहा है कि ये किसी लूट की वारदात का अंजाम नहीं है। हत्या के स्थानीय लिंक जोड़े जा रहे हैं। चरकड़ा गांव से दो किलोमीटर आगे एक ढाणी में 73 वर्षीय चंद्रकंवर के सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया था। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के काफी बाद चंद्रकंवर का बेटा जब हर रोज की तरह पहुंचा तो मां को मृत देखा था। उसी ने बाद में पुलिस को सूचना दी। घटना स्थल पर पुलिस डॉग स्क्वायड को लेकर भी पहुंची थी। एफएसएल टीम ने भी आसपास के नमूने लिए हैं। एफएसएल जांच की रिपोर्ट मिलने के बाद इस हत्या की छानबीन को नई दिशा मिल सकती है। माना जा रहा है कि महिला के साथ झगड़ा हुआ है और इसके बाद उसके सिर पर वार कर दिया गया। नोखा थानाधिकारी अरविन्द सिंह ने बताया कि अब तक किसी बाहरी व्यक्ति के या किसी गैंग के शामिल होने का संदेह नहीं है। यह लूट का मामला भी प्रतीत नहीं हो रहा है। पुलिस फिलहाल किसी का नाम लेने की स्थिति में नहीं है लेकिन जल्द ही इस राज का खुलासा करने की कोशिश में है।


