
राजस्थान सरकार में कोई बदलाव नहीं: मंत्री धारीवाल बोले- पूरी कांग्रेस गहलोत के साथ खड़ी






राज्य सरकार के UDH मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शांति धारीवाल ने सचिन पायलट व अशोक गहलोत की कंट्रोवर्सी को लेकर दो टूक जवाब दिया। पायलट और गहलोत के बीच ढाई-ढाई साल सरकार चलाने के फॉर्मूले के सवाल पर कहा कि कभी ऐसा सुनने में नहीं आया कि राजस्थान में दो नेताओं की ढाई-ढाई साल सरकार चलेगी। प्रदेश में किसी तरह के बदलाव की जरूरत ही नहीं है। उन्होंने कहा किस बात का बदलाव होगा। सरकार तो बहुत अच्छा काम कर रही है। कांग्रेस किसी भी तरह से बंटी हुई नहीं है। पूरी कांग्रेस गहलोत के साथ खड़ी है। पहले का समय निकल चुका है। अब गहलोत ही कांग्रेस का नेतृत्व कर रहे हैं। शांति धारीवाल ने शुक्रवार को अलवर में भास्कर संवाददाता से विशेष बातचीत में यह बात कही।
हाईकमान का दरबार भी चलता रहेगा
धारीवाल ने सचिन पायलट से हाईकमान को किए गए वादों को पूरा करने के सवाल के जवाब में कहा दरबार तो हमेशा खुला रहता है। कोई भी जा सकता है। मैंने कभी नहीं सुना कि ढाई-ढाई साल सरकार चलाने का कोई वादा हुआ है। अब किस बात का बदलाव होगा। मौजूदा सरकार ही कांग्रेस का चेहरा है। कहां दिक्कत आ रही है। आधी सरकार सचिन पायलट के साथ खड़ी दिखती है के सवाल पर कहा कौन सी आधी सरकार है। सारी कांग्रेस का अशोक गहलोत ही नेतृत्व कर रहे हैं।


