[t4b-ticker]

6 साल की बच्ची से निर्भया जैसी घटना, रेप में नाकाम रहने पर गुप्तांग में डाल दी रॉड, आरोपी गिरफ्तार

6 साल की बच्ची से निर्भया जैसी घटना, रेप में नाकाम रहने पर गुप्तांग में डाल दी रॉड, आरोपी गिरफ्तार

राजकोट। गुजरात में राजकोट जिले के अटकोट में निर्भया कांड जैसी घटना सामने आई है। आरोपी ने छह साल की बच्ची से बलात्कार की कोशिश की। नाकाम रहने पर उसने बच्ची के गुप्तांग में रॉड डाल दी। बच्ची को राजकोट के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान के लिए करीब 100 संदिग्धों से पूछताछ की। इसके बाद रामसिंह तेरसिंह की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मध्य प्रदेश के अलीराजपुर का रहने वाला है।

दाहोद जिले का एक मजदूर परिवार अटकोट थाना अंतर्गत एक गांव के पास खेत में मजदूरी करता है। 4 दिसंबर को जब परिवार खेत में काम कर रहा था, तब उनकी छह साल, आठ महीने की बेटी वहीं खेल रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति बच्ची को उठाकर ले गया और उसके साथ दरिंदगी की।

आरोपी ने बच्ची का मुंह दबाकर उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। जब बच्ची चीखी तो उसने बच्ची के गुप्तांग में रॉड जैसा धारदार हथियार डाल दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी लहूलुहान बच्ची को वहीं छोड़कर फरार हो गया।

जब परिजनों ने बच्ची की तलाश शुरू की, तो वह पास में ही खून से लथपथ मिली। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उसे तुरंत राजकोट के अस्पताल ले गए। बच्ची का फिलहाल इलाज चल रहा है।

राजकोट ग्रामीण एसपी विजयसिंह गुर्जर ने बताया कि पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया। साथ ही 10 टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की। करीब 100 संदिग्धों से पूछताछ की गई।

फिर करीब 10 आरोपियों को बाल विशेषज्ञ के साथ बच्ची के सामने पेश किया गया, जहां बच्ची ने मुख्य आरोपी 30 वर्षीय रामसिंह तेरसिंह की पहचान की, इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी गुजरात के अटकोट में राजमिस्त्री का काम करता है। उसके एक बेटी और दो बेटे हैं। आरोपी को घटना वाले खेत के बगल वाले खेत से पकड़ा गया है।

Join Whatsapp