
हरियाणा के नए सीएम होंगे नायब सिंह सैनी, मनोहर लाल खट्टर की विदाई






हरियाणा के नए सीएम होंगे नायब सिंह सैनी, मनोहर लाल खट्टर की विदाई
नई दिल्ली। हरियाणा की राजनीति में आज खेला का दिन है। सीएम मनोहर लाल खट्टर ने पूरे मंत्री परिषद के साथ सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पहले चंडीगढ़ के हरियाणा निवास में भाजपा और निर्दलीय विधायकों के साथ मीटिंग की और फिर राजभवन जाकर इस्तीफा सौंप दिया। कहा जा रहा है कि भाजपा निर्दलीय विधायकों के साथ ही नई सरकार बना सकती है। इसके अलावा जेजेपी के भी करीब 7 विधायक पाला बदलकर भाजपा की सरकार को समर्थन कर सकते हैं। ऐसा हुआ तो यह हरियाणा की राजनीति में बड़ा खेला होगा। भाजपा ने सभी निर्दलीय विधायकों से समर्थन पत्र भी ले लिए हैं।
हरियाणा में भाजपा विधायक दल की बैठक में नायब सिंह सैनी को नेता चुना गया है। वो हरियाणा के नए सीएम होंगे। शाम 5 बजे वो शपथ लेंगे। भाजपा विधायक दल की बैठक हरियाणा में BJP और जननायक जनता पार्टी (JJP) का गठबंधन टूटने और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफे के बाद हुई थी। नायब सिंह सैनी कुरूक्षेत्र से भाजपा के मौजूदा सांसद हैं। मनोहर लाल के करीबी हैं। कुछ समय पहले ही उन्हें हरियाणा में भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया था।
इस बीच JJP लीडर दुष्यंत चौटाला ने दिल्ली में अपने विधायकों को बुलाया है। 5 विधायक नहीं पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी भाजपा के संपर्क में हैं।

