
अगले दो दिन में छाएगा मानसून, इस बार 15 दिन पहले पहुंचने का अनुमान






मध्य भारत तक पहुंच चुका मानसून देश के उत्तरी इलाकों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसके अगले दो दिनों में पूरे उत्तरी भारत में छाने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में मानसून इस बार 15 दिन पहले पहुंच रहा है।
महाराष्ट्र के रत्नागिरी और रायगढ़ जिलों में रेड अलर्ट
मुंबई में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक के बाद से ही लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र के रत्नागिरी और रायगढ़ जिलों में 13 जून के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। IMD ने कहा कि मुंबई और पड़ोसी ठाणे में कुछ जगह शनिवार को भी भारी बारिश हो सकती है।
बिहार और पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में झमाझम
बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ भागों में शनिवार को ही मानसून के पहुंचने का अनुमान जताया गया है। कुछ इलाकों में बारिश शुरू भी हो गई है। गुजरात, मध्य प्रदेश और पूरे छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के कुछ और हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए हालात बेहतर होते जा रहे हैं।
कहां-कहां बारिश की संभावना
मध्य प्रदेश मौसम विभाग ने 11 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज और 2 दर्जन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के विदर्भ, कोंकण और गोवा में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और असम के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो जगह पर भारी बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, तटीय कर्नाटक, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, दक्षिण गुजरात, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, रायलसीमा और आंतरिक कर्नाटक में हल्की बारिश की संभावना है, वहीं पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में धूल भरी आंधी और गरज के साथ बारिश हो सकती है।
उधर, दिल्ली में पारा चढ़ा
दिल्ली में पारा चढ़ने से न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले ही यहां 13 साल में जून में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार सुबह हवा में नमी का स्तर 67% था। यहां पुरवा हवा चलने का अनुमान जताया गया है। दिल्ली में इस साल मानसून सामान्य समय से 12 दिन पहले यानी 15 जून को दस्तक दे सकता है। इससे पहले साल 2008 में भी मानसून 15 जून को दिल्ली पहुंचा था।


