
जल्द दस्तक दे सकता है मानसून, भीषण गर्मी से मिलेगी राहत!






जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है। हालांकि गर्मी झेल रहे लोगों के लिए राहत की खबर यह है कि प्रदेश में मानसून जल्दी ही दस्तक देने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 21 जून तक प्रदेश में दक्षिण पश्चिम मानसून दस्तक दे सकता है। विभाग के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून की नॉर्दन लिमिट कांडला, अहमदाबाद, इंदौर, खजुराहो, फतेहपुर और बहराइच से गुजर रहा है। अहमदाबाद दक्षिण राजस्थान से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर है। इस लिहाज से संभावना है कि मानसून जल्द ही राज्य में आ सकता है।दरअसल, प्रदेश में प्री मानसून की गतिविधियां सुस्त पडऩे के साथ ही यहां एंटीसाइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है। इस वजह से तेज गर्मी बढ़ रही है। यह एंटीसाइक्लोनिक सर्कुलेशन प्रदेश के आसमान में बादल नहीं बनने दे रहा और सूर्य की किरणें धरती पर सीधी पड़ रही हैं। इस कारण से राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हो चुका है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में बने एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण अगले दो-तीन दिनों तक गर्मी जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में लू और गर्म हवाओं के थपेड़े चल सकते हैं जिसके कारण तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।मौसम विभाग के अनुसार एंटीसाइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते प्रदेश में उत्तरी पश्चिमी हवाएं चल रही है। यह हवाएं मानसून को प्रदेश में पहुंचने में बाधा होती हैं। हालांकि मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि मानसून 21 जून के आस पास प्रदेश में दस्तक दे सकता है।


