Gold Silver

चार्जिंग के दौरान मोबाइल बैटरी में ब्लास्ट, तील झुलसे, तीन महीने की बच्ची की हालत गंभीर

खुलासा न्यूज बीकानेर। लूणकरनसर में शनिवार को चार्जिंग के दौरान मोबाइल की बैटरी में ब्लास्ट हो गया। इससे घर में आग लग गई। घटना के समय घर के अंदर 2 बच्चे सो रहे थे। तीन महीने की बच्ची की हालत गंभीर है। वह 35 प्रतिशत तक झुलसी है। दोनों बच्चों को बचाने में युवक के दोनों हाथ जल गए हैं। तीनों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, हंसेरा में रहने वाले सोहन राम मेघवाल के दो जमाई मुकेश और रमेश हैं। ये दोनों सगे भाई हैं। दोनों जमाई फसल कटाई के लिए आए थे। शनिवार सुबह परिवार सहित दोनों जमाई ढाणी से कुछ दूरी पर स्थित खेत में फसल काट रहे थे। मुकेश और रमेश की बहन सुलोचना भी साथ आई हुई थी। ढाणी के पास ही बने झोपड़े में पुराने मोबाइल चार्ज पर लगे थे। सुलोचना ढाणी में खाना बना रही थी। ढाणी के झोपड़े से अचानक एक 4 चार का बच्चा दौड़ते हुए बाहर आया। सुलोचना को बताया कि अंदर झोपड़े में आग लगी है। घायल मुकेश के भाई रमेश ने बताया कि स्मार्टफोन चार्ज में लगा हुआ था। उसकी बैटरी फटी, जिसकी वजह से झोपड़े में आग लगी है। झोपड़े में मुकेश की बेटी तपस्या (3 महीना) पुत्री मुकेश और मानव (2) पुत्र मघाराम सो रहे थे। झोपड़ी खींप (घास) से बनी थी। सुलोचना ने फौरन रमेश और मुकेश को आवाज लगाई। दोनों झोपड़ी की ओर दौड़े। सामने आग धधक रही थी। झोपड़ी में धुआं हो गया था। इसके बाद भी मुकेश जान की बाजी लगाकर बच्चों को बचाने के लिए भागा। उसने दोनों बच्चों को बाहर निकाल लिया, लेकिन खुद गिर गया। इसी कारण उसका मुंह, कमर, पीठ, दोनों पैर और एक हाथ झुलस गया। दोनों बच्चे भी आग की चपेट में आ गए थे। तीन महीने की तपस्या 35 प्रतिशत तक झुलस गई है। मानव मामूली रूप से झुलसा है। हादसे के बाद ढाणी में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। तीनों को ग्रामीणों की मदद से बीकानेर के पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां इलाज चल रहा है। उधर, झुलसे हुए बच्चों को देखकर सुलोचना बेहोश हो गई थी। वहीं, आग लगने के कारण घर का काफी सामान जलकर राख हो गया। इसमें सोने-चांदी के जेवर भी थे। इनकी कीमत करीब एक लाख रुपए आंकी जा रही है। इसके अलावा 30 हजार रुपए नकद थे, जो राख हो गए। वहां रखा मोबाइल भी पूरी तरह जल गया। झोपड़े में 4 कट्टे यूरिया, 1 कट्टा खल और एक क्विंटल गेहूं भी जल गए।

Join Whatsapp 26