
इन 7 जिलों में मौसम विभाग की चेतावनी होगी बरसात, कोहरे का अलर्ट






जयपुर। राजस्थान में एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना है। 7 जिलों में बारिश हो सकती है। इसके साथ गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू , झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर और धौलपुर में घने कोहरे की चेतावनी भी जारी की गई है। 6 फरवरी को गंगानगर और हनुमानगढ़ में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने के आसार हैं।
वहीं, सीकर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। दिन का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा फलौदी में 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। रात में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान पाली के एरिनपुरा रोड जवाई बांध इलाके में 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
21 शहरों में तापमान रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे
राजस्थान में ठंडी हवाओं के कारण पिछले तीन दिन से रात के तापमान में गिरावट बरकरार है। प्रदेश के 21 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। इसमें गंगानगर, संगरिया-हनुमानगढ़, सिरोही, अजमेर, बीकानेर, चूरू, जयपुर, डबोक-उदयपुर, भीलवाड़ा, सीकर, चित्तौडग़ढ़, करौली, फतेहपुर, जालौर, नागौर, अलवर, पिलानी, सवाईमाधोपुर, जोधपुर, बूंदी, अंता-बारां शामिल हैं।
राजधानी जयपुर के मौसम का हाल
राजधानी जयपुर और इसके आसपास मौसम मुख्य तौर पर साफ रहने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहेगा। कल से तापमान में 1-2 डिग्री बढ़ सकता है। 6 फरवरी को अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहने की संभावना है। 7 फरवरी को अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री, 8 फरवरी को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री, 9 और 10 फरवरी को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री रहने की उम्मीद है।


