
इन राज्यों में मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, अगले 24 घंटे में और खतरनाक होगा बिपरजॉय





नई दिल्ली। अरब सागर में आ रहे में चक्रवाती तूफान बिपरजॉय अगले 24 घंटे में और खतरनाक होने की आशंका है। भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि यह अरब सागर में उत्तर-उत्तर पूर्व की ओर बढ़ रहा है। यह रविवार या सोमवार तक गुजरात पहुंच सकता है। इस दौरान 10 से 12 की जून तक 80 से 120 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने तूफान को देखते हुए गुजरात, केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप में मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया है। कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। फिलहाल तूफान पोरबंदर से 640 किमी दक्षिण-पश्चिम में केंद्रित है। तूफान के रविवार या सोमवार तक दक्षिण गुजरात पहुंचने की संभावना है। वहीं गुजरात में प्रशासन ने मौसम को देखते हुए सभी तैयारियां शुरू कर दी हैं। चक्रवाती तूफान बिपारजॉय का हल्का असर राजस्थान के कई जिलों में देखने को मिलेगा, इससे तापमान में हल्की गिरावट आएगी। मौसम विभाग की मानें तो 14 जून को उदयपुर व जोधपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बरसात हो सकती है। जयपुर मौसम विभाग की ओर से पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों के लिए आगामी दो दिन तक कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। पूर्वी राजस्थान के बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद, सिरोही व उदयपुर में 13 व 14 जून को मेघ गर्जन, वज्रपात व झौंकेदार हवाएं 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। पश्चिमी राजस्थान के जालोर, जैसलमेर व बाड़मेर भी मेघ गर्जन, वज्रपात व 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है।

