
लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहे प्रेमी की हत्या, प्रेमिका जान बचाकर भागी






लिव इन रिलेशन में रह रहे प्रेमी जोड़े पर सोमवार सुबह हमला किया गया। महिला अपने पति को छोड़कर युवक के साथ रह रही थी। हमले के दौरान वह जान बचाकर भाग गई लेकिन युवक को जमकर मारा गया। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मामला श्रीगंगानगर के केसरीसिंहपुर इलाके के गांव तेरह एच ठड्डा का है।
जानकारी अनुसार महिला ने पति की मौत के बाद दूसरी शादी की थी। दूसरे पति को छोड़कर वह गुरमेल सिंह ( 36) पुत्र बलकरण सिंह के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगी। इससे उसका पति नाराज था। सोमवार अल सुबह पति मंगा सिंह, कश्मीर सिंह के बेटे और कुछ अन्य लोगों के साथ आया और हमला कर दिया। इस दौरान महिला भाग गई।
हमलावरों ने उसका पीछा किया लेकिन पकड़ नहीं पाए। वहीं युवक को मार-मारकर घायल कर दिया। घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद आसपास के लोगों ने केसरीसिंहपुर पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को केसरीसिंहपुर के सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। गंभीर हालत में श्रीगंगानगर रैफर किया गया, वहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।


