
बीकानेर में राजनीतिक नियुक्तियों के इंतजार में नेता, जिम्मेदारी देना खतरों से खेलने जैसा






– सरकार अपने दूसरे हाफ में मगर नेता प्रतिपक्ष, यूआईटी चेयरमैन, कांग्रेस शहर-देहात जिलाध्यक्ष पदों पर अबतक नियुक्ति नहीं
खुलासा न्यूज, बीकानेर। राजस्थान में कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार बने लगभग पौने तीन साल हो गए हैं। इसके बावजूद बीकानेर में तीन अहम पदों सहित कई राजनीतिक पदों पर अबतक नियुक्ति नहीं हो पाई हैं। सरकार अपने दूसरे हाफ में चल रही है मगर सरकार बनते वक्त जिन्होंने राजनीतिक नियुक्ति के सपने देखे थे, उनके वे सपने पौने तीन साल बाद तक भी सच नहीं हो सके हैं। बीकानेर में यूआईटी चेयरमैन, शहर जिलाध्यक्ष, देहात जिलाध्यक्ष सहित कई अहम पदों पर अब भी कांग्रेसी नेताओं को नियुक्ति का इंतजार है।
इनमें सबसे अहम यूआईटी चेयरमैन के पद की कहानी रोचक है। ये वो पद है जिसे सरकारें जैसे-तैसे भरती तो हैं, मगर इस पद पर किसी नेता को जिम्मेदारी देना उनके लिए खतरों से खेलने जैसा है।
राजनीतिक विशेषज्ञ बताते हैं कि यूआईटी चैयरमेन का पद ऐसा है जिसपर नियुक्ति सरकारों के लिए बेहद चुनौतिपूर्ण काम होता है। आपसी गुटबाजी और विवाद के डर से सरकारें फूंक-फूंक कर कदम रखती है। मगर सरकारों को कठोर निर्णय लेकर इन पदों पर नियुक्ति करनी चाहिए। जनता के कामों को करवाने के लिए स्थाई चेयरमैन होना बेहद जरूरी है।


