Gold Silver

करणी सेना ने अक्षय की फिल्म पृथ्वीराज का किया विरोध, बोले हिन्दू सम्राट और हमारे पूर्वज का नाम सम्मान से लेना होगा

नागौर। यशराज फिल्म्स और बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार की मोस्ट अवेटेड हिंदी फिल्म पृथ्वीराज का राजस्थान में विरोध शुरू हो गया है। श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने फिल्म के टाइटल नेम ‘पृथ्वीराज’ को लेकर विरोध जताया है। उन्होंने कहा है कि देश के अंतिम हिन्दू सम्राट और हमारे पूर्वज का नाम सम्मान से लिखना होगा। महज पृथ्वीराज नाम से उनके ऐतिहासिक गौरव का सम्मान नहीं किया जा सकता है।
श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना में कहा कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान को राय पिथोरा चौहान अंतिम हिन्दू सम्राट और भारतेश्वर जैसे नामों से भी जाना जाता है। फिल्म का नाम केवल ‘पृथ्वीराज’ किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिल्म का टाइटल नेम सम्मानपूर्वक नहीं किया गया तो पूरे जोर शोर से देश भर में फिल्म का विरोध किया जाएगा। संरक्षक लोकेन्द्र सिंह कालवी से मार्गदर्शन लेकर जल्द ही आंदोलन किया जाएगा।
यशराज फिल्म्स की अक्षय कुमार द्वारा अभिनीत फिल्म पृथ्वीराज 21 जनवरी 2022 को रिलीज होनी है। यह फिल्म अंतिम हिंदू सम्राट पृथ्वीराज चौहान की जिंदगी पर बनी है जिसमें अक्षय कुमार पृथ्वीराज चौहान की भूमिका में नजर आने वाले हैं। इसमें सोनू सूद भी हैं, इस फिल्म के जरिए पूर्व मिस वल्र्ड मानुषी छिल्लर भी अपना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं। फिल्म में संजय दत्त, आशुतोष राणा और साक्षी तंवर भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाली हैं। यशराज प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही इस फिल्म का डायरेक्शन डॉक्टर चंद्र प्रकाश द्विवेदी ने किया है।

Join Whatsapp 26