
देशनोक में इसका बनेगा बोर्ड,चाय की चुस्की के साथ लग रहे जीत-हार के कयास
















खुलासा न्यूज,बीकानेर। नगरपालिका देशनोक का मतदान समाप्त होने के साथ ही हर चौक-चौराहों व चाय की थडिय़ों पर जीत-हार की चर्चा गर्म है। सामाजिक,जातीय और दलीय समीकरण को मिलाकर लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। सभी पार्टियों के समर्थक व उनके नेता जमीनी हकीकत को भांपने की कोशिश कर रहे हैं। मतदान के दौरान कांटे की टक्कर के कयास लग रहे थे। मतदाताओं की खामोशी ने रणनीतिकारों ने धड़कनें और बढ़ा दी हैं। ऐसे में चुनाव परिणाम को लेकर पूर्वानुमान लगाना मुश्किल हो गया है। अधिकांश वार्डों में दोनों दलों के बीच कांटे की टक्कर के चलते स्थिति स्पष्ट नहीं है। मतदान प्रतिशत को लेकर कांग्रेस व भाजपा अपने-अपने पक्ष में इसे फायदेमंद बता रहे हैं।चाय की चुस्की लेते हुए लोग रविवार को आ रहे चुनाव परिणाम की पूर्व चर्चा कर रहे थे। परिणाम को लेकर सबका अपना-अपना समीकरण था। अमूमन बाजार एवं सभी चाय-पान की दुकानों पर ऐसा ही नजारा था। ज्ञात हो देशनोक के 25 वार्डों में प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद है।
अधिकांश वार्डों में टक्कर
राजनीतिक जानकारों के अनुसार देशनोक के अधिकांश वार्डों में कांटे का मुकाबला नजर आ रहा है। उनके आंकलन के अनुसार कांग्रेस को 8 से 11 तो भाजपा को 10 से 12 सीटें मिल सकती है। वहीं 3 से 5 निर्दलीयों के जीतने की संभावनाएं है। ऐसे में निर्दलीयों ने दोनों ही दलों के स्पष्ट बहुमत के गणित को बिगाड़ दिया है। लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि इस दफा कांग्रेस भाजपा का तिलस्म तोड़ सकती है। जहां बोर्ड बनाने के लिये 13 पार्षदों के जीत की आवश्यकता है। अगर कांग्रेस 11 के करीब सीटें जीतती है तो देशनोक विकास मंच की वैशाली के सहारे बोर्ड बनाने में कामयाब हो सकती है। फिलहाल ये सभी संभावनाओं का खेल है। रविवार को आने वाले नतीजे ही इस बात को तय करेगी कि क्या भाजपा अपना बोर्ड बचाने में कामयाब होगी या कांग्रेस भाजपा के तिलस्म को तोड़ इतिहास रचेगी।
ये हो सकते है दावेदार
जानकारों के अनुसार अगर कांग्रेस का बोर्ड बनाता है तो अध्यक्ष पद के लिये ओमप्रकाश मून्दड़ा,गजानंद स्वामी,जगदीश शर्मा,सीतादान चारण प्रमुख दावेदारों में माने जा रहे है। वहीं भाजपा की ओर से नथमल सुराणा,भंवरलाल शर्मा,शांतिलाल भूरा को अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदारों में गिना जा रहा है।


