
भारत-मिश्र संयुक्त यु्द्धाभ्यास संपन्न,आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया, हथियारों को लेकर साझा की जानकारी






खुलासा न्यूज बीकानेर। भारत-मिस्र संयुक्त विशेष बल अभ्यास साइक्लोन-III का समापन रविवार को 14 दिनों के गहन ज्वाइंट ट्रेनिंग के साथ हुआ। जिसमें दोनों देशों ने अपनी युद्ध शक्ति और प्रभुत्व का प्रदर्शन किया। इस अभ्यास ने दोनों देशों के विशेष बलों को आतंकवाद विरोधी अभियानों, युद्ध चिकित्सा कौशल, विध्वंस कौशल और विशेष हेलीबोर्न ऑपरेशन (एसएचबीओ) में संयुक्त वातावरण में प्रशिक्षण लेने का अवसर प्रदान किया। अभ्यास तीन चरणों में आयोजित किया गया था। पहले चरण में सैन्य प्रदर्शन और सामरिक बातचीत शामिल थी, दूसरे चरण में आईईडी/सीआईईडी, फास्ट रोपिंग, युद्ध प्राथमिक चिकित्सा और तीसरे चरण में छापे और बंधक बचाव परिदृश्यों के संचालन पर आधारित संयुक्त सामरिक अभ्यास शामिल था। अभ्यास की पूरी अवधि के दौरान, भारतीय विशेष बलों ने पेशेवर आचरण, सामरिक कौशल और सैन्य अनुशासन के उच्चतम मानकों को प्रदर्शित किया, जिसकी मिस्र की सेना द्वारा सराहना और प्रशंसा की गई। अभ्यास के दौरान दोनों टुकडिय़ों ने लगातार अभ्यास किया। अंतिम 48 घंटे में दोनों देशों ने संयुक्त रूप से लगातार काम किया। इस दौरान दोनों देशों के जवानों ने एक दूसरे को अपने अपने हथियारों के बारे में जानकारी दी।


