Gold Silver

बीकानेर / बल प्रयोग के विरोध में किसानों ने किया चक्का जाम

खुलासा न्यूज़, बीकानेर संभाग.  पड़ोसी प्रदेश हरियाणा में किसानों पर बल प्रयोग के विरोध में शनिवार को शहर के किसानों में भी जबर्दस्त रोष दिखा। इन लोगों ने सांकेतिक तौर पर जिले में जगह-जगह रास्ते जाम किए। इन लोगों का कहना था कि हरियाणा में किसानों पर बल प्रयोग किसी भी तरीके से उचित नहीं कहा जा सकता है। जिला मुख्यालय के निकट गांव छह एमएल के पास टोल प्लाजा पर किसानों ने जाम लगाया।

किसान संदीप कुमार ने बताया कि उन्हें दो घंटे तक जाम लगाने के निर्देश मिले थे। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। किसानों ने बसों और ट्रकों को तो रोका लेकिन सेना के वाहनों और मेडिकल से जुड़े वाहनों को नहीं रोका गया। दो घंटे के विरोध प्रदर्शन के बाद किसानों ने रास्ता खोला। जिला मुख्यालय के निकट छह एमएल के पास वाहनों की कतार लग गई।

वहीं घड़साना में भी किसानों ने दो घंटे तक हाइवे जाम किया। इससे पूर्व किसानों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का पुतला जलाकर केन्द्र व हरियाणा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसान नेता सत्यप्रकाश सिहाग ने बताया कि करनाल हरियाणा में टोल नाके पर किसानों के शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान उसी रास्ते प्रस्तावित मुख्यमंत्री की दौरे के मद्देनजर पुलिस ने बलप्रयोग किया। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर जिले भर में किसानों ने सभी नेशनल हाईवे करीब 2 घंटे तक सांकेतिक रूप से जाम किए हैं।

सादुलशहर में अबोहर-हनुमानगढ़ हाईवे पर खैरूवाला टोल प्लाजा के पास पूर्व सरपंच व माकपा नेता पाला राम नायक के नेतृत्व में किसानों ने रोड जाम की। इस अवसर पर खैरूवाला के सरपंच शमशेर अली, बगुंला वाली के सरपंच सुखजिंदर सिंह, वार्ड पंच कुलवंत सिंह, इंद्रपुरा के सरपंच हरविंदर सिंह, बगुंलावाली से अमनदीप सिंह सिधु सहित बड़ी संख्या में आसपास के गांवो के किसान शामिल थे। किसानों ने हरियाणा में बल प्रयोग की निंदा की।

Join Whatsapp 26