
बिहार में 17 साल के लड़के नीतीश कुमार के मुंह में 82 दांत, IGIMS के डॉक्टरों ने 3 घंटे सर्जरी कर निकाले






बिहार के आरा जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां के 17 वर्षीय नीतीश कुमार के जबड़े में 82 दांत थे। डॉक्टर भी यह देखकर हैरान हो गए। ये 82 दांत सामान्य दांतों से अलग थे और समय के साथ बढ़ भी रहे थे। नीतीश दिल्ली से लेकर देश के कई बड़े शहरों में इलाज के लिए दौड़े, लेकिन डॉक्टरों की पकड़ में मामला नहीं आया।
पटना में इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) के मैग्जिलोफेशियल यूनिट ने ट्यूमर डिटेक्ट किया। दोनों जबड़ों में फैले ट्यूमर का जब ऑपरेशन किया तो 82 दांतों का गुच्छा मिला। नीतीश अब पूरी तरह से स्वस्थ हैं। डॉक्टरों का कहना है कि बहुत जल्द मरीज को छुट्टी दे दी जाएगी। डॉक्टरों का दावा है कि देश में अभी तक ऐसा मामला नहीं आया था।
कॉम्प्लेक्स ओडोन्टोम नामक जबडे़ का यह दुर्लभ ट्यूमर
IGIMS के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. मनीष मंडल ने बताया कि नीतीश कुमार काफी परेशान था। वह दर्द से कुछ खा-पी नहीं पा रहा था। हालांकि मुंह के अंदर कोई परेशानी नहीं थी, लेकिन बाहर दोनों जबड़े के निचले हिस्से में इतनी सूजन थी कि मुंह खोलने से भी तकलीफ होती थी। लोग देख कर डर जाते थे। नीतीश कुमार काफी विश्वास के साथ IGIMS आया।
डॉ. मंडल ने बताया कि नीतीश को IGIMS में जांच के बाद यह डिटेक्ट किया गया कि उसके जबड़े में ट्यूमर है। सही इलाज न मिल पाने के कारण वह गंभीर हो गया था। कॉम्प्लेक्स ओडोन्टोम नामक जबडे का यह दुर्लभ ट्यूमर डॉक्टरों की टीम ने काटकर निकाल दिया।
नीतीश को 5 साल से थी परेशानी
IGIMS के दंत रोग विभाग के मैग्जिलोफेशियल यूनिट के HOD डॉ. प्रियंकर सिंह ने बताया कि नीतीश कुमार को 5 साल से निचले दोनों जबड़े में परेशानी थी। दोनों जबड़े काफी फूल गए थे। दोनों कान के नीचे सूजन के कारण चेहरा भी काफी विकृत हो गया था। वह दिल्ली, कोलकाता, वाराणसी के साथ कई बड़े शहरों में इलाज के लिए भटका, लेकिन कहीं से डिटेक्ट नहीं हो पा रहा था।
डॉक्टरों ने बताया कि चोट के कारण जबड़े में सूजन है, बाद में सही हो जाएगा। कुछ जगह तो दवा देकर भेज दिया गया, लेकिन कोई राहत नहीं मिली।
82 दांत देख डॉक्टर भी हैरान
IGIMS के मैग्जिलोफेशियल यूनिट के HOD डॉ. प्रियंकर सिंह ने अपने सहयोगी डॉ. जावेद इकबाल के साथ मिलकर शुक्रवार को यह जटिल ऑपरेशन किया है। डॉ. प्रियंकर ने बताया कि उन्हें ट्यूमर के बारे में जांच से पता चल गया था और यह भी पता था कि उसमें दांत या फिर दांत बनने वाले पदार्थ हैं, लेकिन ऑपरेशन के बाद वह भी हैरान हो गए जब दांताें का गुच्छा सामने आया।
ट्यूमर के साथ लगभग 82 दांत, जो ट्यूमर के अंदर थे उन्हें बड़ी बारीकी से निकाला गया। डॉ. प्रियंकर सिंह और डाॅ. जावेद इकबाल ने बताया कि यह जबडे़ का ऑपरेशन अपने आप में इतिहास है।


