Gold Silver

पाकिस्तान गई अंजू पर पति अरविंद ने करवाई FIR, सात साल तक की हो सकती है सजा

खुलासा न्यूज। भारत से पाकिस्तान अपने प्रेमी नसरुल्लाह से मिलने गई अंजू के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। अंजू ने पाकिस्तान जाकर अपने पति अरविंद से बिना तलाक लिए ही नसरुल्ला से निकाह कर लिया था। अब उसके पति अरविंद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी पत्नी को पाकिस्तान ले जाने के लिए उकसाया गया है। फिलहाल, पुलिस ने अरविंद के बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। अरविंद ने शुक्रवार रात 9 बजे भिवाड़ी के फूलबाग थाने में केस दर्ज करवाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आईपीसी और आईटी एक्ट की धाराओं में बिना तलाक शादी करने और फोन कर धमकाने का मामला दर्ज कर लिया है। इस FIR में अंजू और नसरुल्लाह का नाम शामिल है।

डीएसपी सुजीत शंकर ने बताया कि अंजू के पति अरविंद की तरफ से दी गई शिकायत पर आईपीसी की धाराओं 494 (पहली शादी के होते हुए दूसरी शादी करना), 500 (मानहानि), 506 (जान से मारने की धमकी देना), IT ACT 43/66 (किसी डिवाइस से आपत्तिजनक सामग्री भेजना/गोपनीय डाटा का ट्रांजेक्शन) में मामला दर्ज कर दिया है। बता दें कि, इस मामले में स्थानीय पुलिस ने अभी तक अंजू या उसके प्रेमी नसरुल्लाह के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया था। अब अरविंद की पहल पर पूरे मामले की भिवाड़ी पुलिस शुरू से जांच करेगी।

 

‘सेंट्रल एजेंसी से भी ले सकते हैं मदद’

अंजू को पाकिस्तान से भारत लाने की बात पर डीएसपी सुजीत शंकर ने बताया कि इसमें कानून के हिसाब से जो भी कार्रवाई करनी पड़ेगी। भिवाड़ी पुलिस वह सभी कार्रवाई करेगी। अगर आवश्यकता पड़ी तो केंद्र की जांच एजेंसियों की भी इसमें सहायता ली जाएगी।

 

7 साल तक की हो सकती है सजा

बता दें कि, 15 दिन पहले 20 जुलाई को अंजू अपने प्रेमी नसरुल्लाह से मिलने पाकिस्तान गई थी। जिसके बाद अंजू ने अपने प्रेमी नसरुल्लाह से निकाह कर लिया। अंजू ने इस्लाम कबूल कर अपना नया नाम फातिमा भी रख लिया था।

अंजू ने बिना तलाक दिए, दूसरी शादी की है। ऐसे में आईपीसी की धारा 494 के तहत कड़ी सजा और जुर्माने की सजा है। वहीं अगर अंजू वीजा खत्म होने के बाद भारत आई या फिर भारतीय पुलिस अंजू को पाकिस्तान से गिरफ्तार करती है तो दोषी साबित होने पर कम से कम 7 वर्ष तक की सजा हो सकती है।

 

जानिए, क्या है पूरा केस?

अंजू के पति अरविंद का परिवार बलिया (UP) का रहने वाला है। अंजू का पीहर ग्वालियर (मध्य प्रदेश) में है। दोनों की शादी 2007 में हुई। पति-पत्नी रोजगार की तलाश में राजस्थान के भिवाड़ी आ गए। यहां दोनों अलग अलग प्राइवेट कंपनी में काम करने लगे। पिछले 15 दिन से अंजू चर्चा में है और इन पांच दिनों की कहानी शुरू होती है 3 साल पहले। अंजू ने 2020 अपना पासपोर्ट बनवाया। परिवार ने पूछा क्यों चाहिए तो जवाब दिया कि वो विदेश में नौकरी के लिए आवेदन करना चाहती है। तब शायद किसी ने सोचा भी नहीं था कि किसी दिन इस पासपोर्ट पर पाकिस्तान का वीजा लगेगा। पासपोर्ट बने दो साल बीत गए। तारीख आई 20 जुलाई 2023। अंजू ने अपने पति अरविंद से कहा- मैं सहेली से मिलने जयपुर जा रही हूं और वह घर से निकल गई। इसके ठीक तीन दिन बाद 23 जुलाई को अचानक मीडिया पर खबरें आई कि अंजू अपने एक प्रेमी से मिलने पाकिस्तान पहुंच गई है और वह उससे शादी करने जा रही है। मीडिया की खबरों से अरविंद को अंजू के शादी होने की जानकारी मिली। बस, यहीं से अंजू और उसका परिवार चर्चा में आ गए। खबरों के बाद अंजू ने वीडियो जारी कर कहा था कि वह कोई शादी नहीं कर रही है। वह जल्द ही भारत लौट आएगी, लेकिन इसके दो दिन बाद ही यानी 25 जुलाई को अचानक खबर आई कि अंजू ने नसरुल्लाह से निकाह कर लिया है और मुस्लिम धर्म अपनाकर फातिमा बन गई है।

Join Whatsapp 26