Gold Silver

वैक्सीनेशन के बाद भी कोरोना के मामले किस तरह और क्यों बढ़ रहे हैं?

दुनियाभर के अलग-अलग देशों में कोरोना वायरस के नए केस फिर बढ़ने लगे हैं। चिंता की बात ये है कि इनमें कई देश ऐसे हैं, जिनकी आधी से ज्यादा आबादी को वैक्सीन लग चुकी है। कुछ देशों ने तो अनलॉक की अपनी कोशिशों पर ब्रेक लगाकर दोबारा कड़े प्रतिबंध लगाने की शुरुआत कर दी है। फाइजर, मॉडर्ना जैसी वैक्सीन कंपनियां भी दो डोज के बाद अब बूस्टर डोज की तैयारी कर रही हैं।

वहीं, भारत में केवल 5% आबादी को ही दोनों डोज लगे हैं, पर लापरवाही भी कई गुना बढ़ गई है। उत्तराखंड और हिमाचल के कई हिल स्टेशन पर भीड़ उमड़ने ​​​के बाद कड़े उपाय करने पड़े हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर कोविड-19 रोकने के उपाय नहीं किए गए और भीड़ ऐसे ही लगती रही तो कोरोना की तीसरी लहर समय से पहले आ सकती है।

यूकेः अनलॉक से पहले आ रहे हैं रोज 30 हजार केस
यूके में 51% से अधिक आबादी को दो डोज और 68% आबादी को कम से कम एक डोज लग चुका है। इसके बाद ही सरकार ने 19 जुलाई से लॉकडाउन में ढील देने की तैयारी की थी। पर नए केस आने का सिलसिला थम ही नहीं रहा। पिछले हफ्ते हर 10 लाख की आबादी पर 410 नए केस मिले। शुक्रवार को यूके में 35 हजार से भी अधिक नए केस सामने आए, जो 5 महीने में सबसे अधिक थे। पिछले 5 दिन में लगातार 30 हजार से अधिक नए केस मिले हैं। द एकेडमी ऑफ मेडिकल रॉयल कॉलेज (AMRC) ने चेताया है कि अगर लॉकडाउन में ढील दी गई तो हालात सुधरने के बजाय बिगड़ जाएंगे।

इजराइलः जून में मास्क से आजादी मिली थी, पर 5 इलाके रेड जोन में
इजराइल ने सबसे तेजी से अपनी आबादी को वैक्सीनेट किया था। वहां 60% आबादी को दोनों डोज और 66% आबादी को कम से कम एक डोज दिया जा चुका है। जब यह आंकड़ा 50% तक पहुंचा तो मास्क पहनने से आजादी दी गई थी। पर अब केस फिर बढ़ने लगे हैं। पिछले तीन दिन में 1 हजार नए मामले मिले हैं और इससे एक्टिव केस का आंकड़ा 4 हजार को पार कर गया है। इसके बाद इजराइल ने स्ट्रैटजी बदली और हाई इन्फेक्शन रेट्स वाले देशों से आ रहे ट्रेवलर्स को क्वारैंटाइन करने का फैसला किया है। यहां तक कि दोनों डोज लेकर आ रहे लोगों को भी क्वारैंटाइन में रहना होगा। पूरे इजराइल में 5 इलाकों को इन्फेक्शन रेट के आधार पर रेड जोन घोषित किया गया है।

स्पेन: युवा आबादी सबसे ज्यादा प्रभावित
स्पेन में करीब 45% आबादी को दोनों डोज दिए जा चुके हैं। वहीं 59% आबादी कम से कम एक डोज ले चुकी है। इसके बाद भी पिछले हफ्ते पॉजिटिविटी रेट दोगुना हो गया। 20 से 29 साल के ऐसे युवाओं में सबसे अधिक केस मिले जिन्हें वैक्सीन नहीं लगी है। हर 1 लाख युवाओं में से 911 युवाओं की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। इसके साथ ही यूरोपियन यूनियन के कई देशों में नए केस लगातार बढ़ रहे हैं। इटली में शुक्रवार और शनिवार को 37 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। पिछले एक हफ्ते में हर 1 लाख टेस्ट पर पॉजिटिव केस 9 से बढ़कर 11 हो गए हैं।

अमेरिकाः डेल्टा वैरिएंट ने बढ़ाई परेशानी; रोज 19 हजार नए केस
अमेरिका की करीब 49% आबादी पूरी तरह से वैक्सीनेट हो चुकी है, वहीं 77% आबादी को कम से कम एक डोज लगा है। इसके बाद भी आधे राज्यों में कोरोना के केस बढ़ने लगे हैं। पिछले हफ्ते में हर दिन औसतन 19 हजार नए केस सामने आए हैं। कैलिफोर्निया, टेक्सास, न्यूयॉर्क और फ्लोरिडा में सबसे ज्यादा नए केस मिले हैं। 80% नए मामलों में कोरोना के डैल्टा वैरिएंट को वजह बताया जा रहा है।

भारत में अब तक करीब 38 करोड़ डोज
भारत में 11 जुलाई तक 37.73 करोड़ लोगों को वैक्सीन का कम से कम एक डोज लग चुका है। आबादी के लिहाज से ये 22 फीसदी है। वहीं केवल 5 फीसदी आबादी को ही वैक्सीन के दोनों डोज लगे है। हर दिन लगभग 35 लाख डोज लग रहे हैं। अगर इसी रफ्तार से देश में वैक्सीनेशन होता रहा तो भी भारत को अपनी आधी आबादी को वैक्सीनेट करने में अभी और महीने लग जाएंगे। पॉजिटिव केसेस की बात करें तो अब भी औसतन 40 हजार से अधिक मामले रोज मिल रहे हैं। इनमें भी 50% नए केस केरल और महाराष्ट्र में सामने आ रहे हैं।

Join Whatsapp 26