
‘जय श्रीराम’ जयघोष के साथ बीकानेर में निकली हिन्दू धर्मयात्रा, बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल, स्वागत में लोगों ने बिछाए पलक पावड़े






खबर से जुड़ा वीडियो देखने के लिए यहां पर क्लिक करें
खुलासा न्यूज, बीकानेर। नवसंवत्सर पर बीकानेर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रविवार को हिन्दू धर्मयात्रा व महाआरती का आयोजन हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। एमएम ग्राउंड से रवाना होकर पुराने शहर के कई हिस्सों से निकली धर्मयात्रा जूनागढ़ के आगे संपन्न हुई, जहां महाआरती में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। हिन्दू धर्म और हर हर महादेव, जय श्रीराम के जयघोष के साथ धर्मयात्रा में चल रहे लोगों ने पूरे शहर को भगवा रंग से रंग दिया। हर साल की तरह इस बार भी धर्म यात्रा में लोगों का जोश देखा गया।




दोपहर में तीन बजे बाद एमएम ग्राउंड से शुरू हुई धर्म यात्रा में जहां कुछ लोग डीजे पर चल रहे जयघोष के साथ रोमांचित हो रहे थे, वहीं महिलाएं भगवा रंग का साफा पहने नजर आए। हाथ में ध्वजा लेकर बच्चों और युवाओं ने भी खासा जोश दिखाया। बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानन्द व्यास इस यात्रा के दौरान हर बार की तरह सक्रिय नजर आए। व्यास एक खुली जीप में लोगों का अभिवादन स्वीकारते रहे। वहीं उनकी टीम आयोजन से जुड़ी रही। जगह-जगह धर्मयात्रा के स्वागत के साथ व्यास पर भी पुष्पवर्षा की गई। नत्थूसर गेट से तेलीवाड़ा तक पहुंचने में इस धर्मयात्रा को करीब दो घंटे का वक्त लगा। एक जगह खड़े होकर करीब घंटेभर तक यात्रा को देखा गया। शहर के अंदरुनी क्षेत्र में धर्मयात्रा के चलते खास प्रबंध किए गए। पुलिस ने जहां यातायात व्यवस्था को संभाला, वहीं आम लोगों ने धर्मयात्रा में शामिल लोगों के लिए पानी, कोल्ड ड्रिंक्स, छाछ आदि की व्यवस्था की, वहीं रास्ते में लोगों ने घरों के ऊपर से पुष्प वर्षा की। यानि कि धर्मयात्रा में शामिल लोगों के स्वागत में जगह-जगह लोग पलक पावड़े बिछाए हुए नजर आए। किसी ने शीतल जल दिया तो किसी ने कोल्ड ड्रिंक।


