मुंबई में भारी बारिश, मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया; 14 राज्यों में तेज बारिश का अनुमान - Khulasa Online मुंबई में भारी बारिश, मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया; 14 राज्यों में तेज बारिश का अनुमान - Khulasa Online

मुंबई में भारी बारिश, मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया; 14 राज्यों में तेज बारिश का अनुमान

दक्षिण-पश्चिम मानसून बुधवार को मुंबई पहुंच गया। शहर के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। सुबह से जारी बारिश के कारण सड़कों पर घुटनों तक पानी जमा हो गया है। इस बीच, IMD मुंबई ने बताया है कि सैटेलाइट ऑब्जर्वेशन के मुताबिक मुंबई शहर और उपनगरों में अगले 3-4 घंटों के दौरान 2-3 सेमी प्रति घंटा के हिसाब से बारिश की आशंका है। मौसम विभाग ने मुंबई के अलावा ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों में 10 जून के लिए भी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

IMD मुंबई के उप महानिदेशक डॉ. जयंत सरकार के मुताबिक सामान्य तौर पर मुंबई में मानसून हर साल 10 जून को पहुंचता है, लेकिन इस बार समय से एक दिन पहले दस्तक दे दी है। भारी बारिश को देखते हुए लोकल ट्रेन सेवा को कुर्ला और CSMT स्टेशन के बीच सुबह 9.50 बजे से ही रोक दिया गया है।

मुंबई में भारी बारिश के बीच समुद्र में हाईटाइड आ सकती है। इस दौरान 4 से 5 मीटर तक लहरें उठने की संभावना है। इस दौरान अगर भारी बारिश जारी रही तो शहर के निचले इलाके पानी में डूब सकते हैं। इससे कोरोना काल में मुंबई की मुसीबतें और बढ़ जाएंगी।

अगले कुछ दिनों में मानसून तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के बचे हुए सभी हिस्सों में सक्रिय हो जाएगा। 4-5 दिनों में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, बिहार, झारखंड, गुजरात, तेलंगाना समेत करीब 14 राज्यों में तेज बारिश होने की आशंका है।

इस हफ्ते ओडिशा, पश्चिम बंगाल को भिगोएगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक 10 जून के बाद पूर्वी भारत और उससे लगे मध्य भारत में खासकर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गांगीय क्षेत्र में, 11 जून को बंगाल और बिहार, 11-12 जून को पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश होने की आशंका है। बंगाल की खाड़ी में इस मानसून का पहला कम दबाव का क्षेत्र तैयार हो रहा है। इसके असर से ओडिशा, सिक्किम, झारखंड, बिहार, पूर्वी UP, MP और गुजरात के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंच जाएगा।

गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात में 11-13 जून के बीच भारी बारिश के आसार
दूसरी ओर दक्षिणी गुजरात के तट पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके असर से कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिणी गुजरात, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में 11-13 जून के बीच भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक देशभर में 8 जून तक करीब 33.6 मिमी बारिश हो चुकी है जो, 1 से 8 जून तक होने वाली सामान्य औसत बारिश (28.3 मिमी) से 18% (5.3 मिमी) ज्यादा है।

कोलकाता में यास तूफान के कारण औसत से 3 गुना बारिश
कोलकाता में मई महीने में यास तूफान की वजह से औसत से 3 गुना ज्यादा बारिश हो चुकी है। जून के पहले हफ्ते में भी प्री-मानसून बारिश जारी है। उधर, मुंबई में जून में बारिश का सामान्य औसत 493.1 मिमी है, जबकि बीते 8 दिन में वहां कुल 135.3 मिमी बारिश हो चुकी है।

इस बार पश्चिमी मध्यप्रदेश ज्यादा भीगेगा
मौसम विभाग के एक जून को जारी लॉन्ग रेंज फोरकास्ट के मुताबिक इस बार भोपाल सहित पश्चिमी मध्यप्रदेश में ज्यादा बारिश होने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिमी मानसून तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। उसकी बंगाल की खाड़ी और अरब सागर वाली दोनों ब्रांच सक्रिय हैं। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के मुताबिक बंगाल की खाड़ी वाली ब्रांच एक ही दिन में उत्तर-पूर्वी हिस्से को कवर कर चुकी है।

यही रफ्तार रही तो 11 साल में ऐसा दूसरी बार होगा, जब मानसून तय समय यानी 20 जून के पहले भोपाल पहुंच जाएगा। इसकी बड़ी वजह यह भी है कि 11 जून को बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र भी बनने की संभावना है। अरब सागर में भी कई सिस्टम सक्रिय हैं। इससे मानसून को रफ्तार मिलेगी। इससे पहले 2013 में मानसून 10 जून को भोपाल पहुंचा था।

भोपाल में मंगलवार शाम को एक घंटे में 1.5 इंच बारिश
भोपाल में मंगलवार को मौसम का मिजाज बिल्कुल अलग था। सुबह तेज धूप और उमस थी। शाम होते-होते बदरा फिर उमड़-घुमड़ पड़े और शहर के कई इलाकों में तेज बारिश होने लगी। एक घंटे में डेढ़ इंच बारिश से पूरा शहर तरबतर हो गया। इसके बाद रात 8:30 बजे ज्यादातर इलाकों में 40 की रफ्तार से हवा चली। इस कारण नए और पुराने शहर कोलार और भेल टाउनशिप की 70 कॉलोनियों में देर रात तक बिजली गुल रही।

छत्तीसगढ़ में 10 जून के बाद आएगा मानसून
छत्तीसगढ़ के उत्तर पश्चिम और दक्षिण पश्चिम जिलों में कई जगहों पर मंगलवार को दोपहर बाद हल्की से मध्यम बारिश हुई। राजधानी रायपुर में भी देर शाम जमकर पानी गिरा। दोपहर बाद घने-काले बादल छा गए थे। मौसम में आए बदलाव से लोगों को दिन की गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि प्रदेश में 10 जून के बाद कभी भी मानसून आ जाएगा।

error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26