महिला कांस्टेबल को गोली मारकर खुद को गोली मारने वाला गनमैन गिरफ्तार, बोल नहीं पाता, लिखकर बताता है अपनी बात

महिला कांस्टेबल को गोली मारकर खुद को गोली मारने वाला गनमैन गिरफ्तार, बोल नहीं पाता, लिखकर बताता है अपनी बात

खुलासा न्यूज नेटवर्क। चित्तौडग़ढ़ जिले की बेगूं पुलिस ने महिला कांस्टेबल को सर्विस गन से गोली मारने के मामले में डीएसपी के गनमैन कांस्टेबल सियाराम को मंगलवार को गिरफ्तार किया है। महिला कांस्टेबल को गोली मारने के बाद आरोपी कांस्टेबल ने खुद को भी गोली मार ली थी। जिसके चलते उसका उदयपुर अस्पताल में इलाज चल रहा था। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 8 दिन के लिए बेगूं जेल भेज दिया गया। 24 दिसंबर को आरोपी की फिर पेशी होगी। वह फिलहाल बोल नहीं पा रहा है और लिखकर अपनी बात बताता है।

ऑपरेशन के बाद अस्पताल से गिरफ्तार किया

पुलिस के अनुसार महिला कांस्टेबल पूनम मीणा को सर्विस गन से गोली मारकर हत्या के प्रयास के आरोपी बेगूं थाने के कांस्टेबल सियाराम बैरवा (31) को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी सियाराम को बेगूं में एसीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है। सियाराम के जबड़े के ऑपरेशन के बाद उसे उदयपुर अस्पताल से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी कांस्टेबल से पुलिस ने घटना का मौका तस्दीक कराया और घटना के उपयोग में ली गई सर्विस रिवाल्वर और दोनों गोलियां बरामद की गई। बरामद गोलियों को पुलिस ने एफएसएल जांच के लिए भेजी है।

महिला कांस्टेबल की हालत में भी सुधार

गोली कांड के बाद सात दिनों से उदयपुर अस्पताल में भर्ती महिला कांस्टेबल पूनम मीणा की हालत में सुधार है। उसे एक-दो दिन में अस्पताल से छुट्टी मिलने की अनुमान है। वहीं सियाराम बैरवा के जबड़े का ऑपरेशन हुआ है। वह फिलहाल बोल नहीं पा रहा है। वह लिखकर अपनी बात बताता है।

यह था मामला

बेगूं में डीएसपी अंजलि सिंह के गनमैन कांस्टेबल सियाराम ने 10 दिसंबर को महिला कांस्टेबल पूनम को उसके कमरे पर जाकर सर्विस रिवॉल्वर से गोली मार दी थी। फिर उसने खुद पिस्टल से गोली मारकर सुसाइड करना चाहा। महिला कांस्टेबल पूनम के बात नहीं करने से खफा सियाराम ने उसे गोली मारी थी। दोनों की हालत अब खतरे से बाहर है।

Join Whatsapp
खबरें और विज्ञापन के लिए इस नंबर पर व्हाट्सएप करें- 76659 80000 |खबरें और विज्ञापन के लिए इस नंबर पर व्हाट्सएप करें- 76659 80000 |