
मनु भाकर को खेल रत्न देगी सरकार, पेरिस में डबल मेडल जीते थे, पिता ने जाहिर की थी नाराजगी






खुलासा न्यूज़। शूटर मनु भाकर को सरकार ने मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड देने का फैसला किया है। खेल मंत्रालय विशेषाधिकार का इस्तेमाल करते हुए मनु का नाम फाइनल करने की तैयारी कर रहा है। यह निर्णय मनु भाकर के पिता रामकिशन भाकर की नाराजगी के बाद आया, जिन्होंने राष्ट्रीय पुरस्कारों की नॉमिनेशन सूची से मनु का नाम गायब होने पर कड़ा विरोध जताया था।
क्या है पूरा मामला?
कुछ दिन पहले मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि खेल रत्न की नॉमिनेशन लिस्ट में मनु भाकर का नाम नहीं है। इस पर मनु भाकर के पिता ने नाराजगी जाहिर की। मनु के पिता ने कहा कि मनु ने अवॉर्ड के लिए आवेदन किया था, लेकिन उसे नजरअंदाज किया गया। भारत में ओलिंपिक खेलों की अहमियत नहीं है। देश के लिए खेलने और पदक जीतने का क्या फायदा, जब सम्मान के लिए हाथ फैलाने पड़े। वे पिछले दो तीन साल से लगातार सारे पुरस्कारों के लिए आवेदन कर रही है और मैं इसका गवाह हूं। इसमें खेल रत्न, पद्मश्री और पद्म भूषण सम्मान शामिल है। इसके बाद खेल मंत्रालय बैकफुट पर आ गया।
एक सूत्र ने कहा- ‘अभी नाम तय नहीं हुए हैं और एक हफ्ते में पुरस्कारों का खुलासा हो सकता है। खेल मंत्री एक या दो दिन में इस पर फैसला लेंगे। फाइनल लिस्ट में मनु का नाम होने की पूरी संभावना है।’
मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल इंडिविजुअल और मिक्स्ड डबल्स इवेंट में कांस्य पदक जीते थे, जिससे भारत के कुल पदकों की संख्या 6 तक पहुंची। खेल मंत्री द्वारा जल्द ही पुरस्कारों की घोषणा की जाएगी, जिससे मनु के संघर्ष और उपलब्धियों को सम्मानित किया जाएगा।


