
सोना और चांदी में दामों में फिर आई गिरावट, 8 दिन में सोना 11,541 और चांदी 27,334 रुपए हुई कम, जानें आज कितनी है कीमतें





सोना और चांदी में दामों में फिर आई गिरावट, 8 दिन में सोना 11,541 और चांदी 27,334 रुपए हुई कम, जानें आज कितनी है कीमतें
नई दिल्ली। सोने-चांदी के दाम में आज यानी 28 अक्टूबर को गिरावट रही। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार सोने की कीमत 3,034 रुपए घटकर 1,18,043 रुपए पर आ गई है। इससे पहले इसके दाम 1,21,077 रुपए प्रति 10 ग्राम थे। वहीं, चांदी 3,135 रुपए गिरकर 1,41,896 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। कल इसकी कीमत 1,45,031 रुपए प्रति किलोग्राम थी।
IBJA की सोने की कीमतों में 3% GST, मेकिंग चार्ज और ज्वेलर्स मार्जिन शामिल नहीं होता। इसलिए शहरों के रेट्स इससे अलग होते हैं। इन रेट्स का इस्तेमाल RBI सोवरेन गोल्ड बॉन्ड के रेट तय करने के लिए करता है। कई बैंक गोल्ड लोन के रेट तय करने के लिए इसे इस्तेमाल करते हैं।
8 दिन में 11,541 रुपए सस्ता हुआ था सोना सोने की कीमत पिछले 8 दिनों में 11,541 रुपए घटकर आज 1,18,043 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गई है। 19 अक्टूबर को इसकी कीमत 1,29,584 रुपए के अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई थी। वहीं चांदी 1,69,230 रुपए प्रति किलो से गिरकर 1,41,896 रुपए पर आ गई है। ये 27,334 रुपए सस्ती हुई है।
इस साल सोना 41,881 रुपए और चांदी 55,879 रुपए महंगी हुई
इस साल अब तक सोने की कीमत 41,881 रुपए बढ़ी है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए का था, जो अब 1,18,043 रुपए हो गया है।
चांदी का भाव भी इस दौरान 55,879 रुपए बढ़ गया है। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी, जो अब 1,41,896 रुपए प्रति किलो हो गई है।




