Gold Silver

कबड्डी के मैच में गश खाकर गिरी छात्रा की मौत, यहां चल रही थी राजीव गांधी ओलिंपिक प्रतियोगिता

खुलासा न्यूज नेटवर्क। राजीव गांधी ग्रामीण ओलिंपिक प्रतियोगिता में 13 साल की छात्रा कबड्डी खेलते-खेलते मैदान पर गश खाकर गिर गई। टीचर लड़की को अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना चूरू जिले के रतनगढ़ में हुई। यहां शुक्रवार को ब्लॉक स्तरीय मुकाबले खेले जा रहे थे। मैच सुबह 8 बजे शुरू होने थे, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के चलते 10.30 बजे शुरू हुए थे। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (सीडीईओ) जगबीर सिंह यादव का कहना है कि मुकाबले रमा ज्ञान भवन के खेल मैदान में चल रहे थे। सुबह 10.30 बजे आलसर-बछरारा महिला कबड्डी का मुकाबला शुरू हुआ था। आलसर की एक छात्रा रेड डालने गई कि पीछे से उसी की टीम की मानवी स्वामी पुत्री प्रेम कुमार स्वामी खड़ी-खड़ी गिर गई। टीचर उसे सरकारी जालान अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। वहीं, छात्र-छात्राओं ने बताया कि ब्लॉक स्तरीय मुकाबले सुबह 8 बजे शुरू होने थे, लेकिन 10.30 बजे बाद शुरू हुए। इस दौरान तेज धूप के कारण खिलाड़ी परेशान थे। यहां पीने के पानी की भी व्यवस्था नहीं थी। खाने के जो पैकेट दिए, वो भी दो दिन पहले के बने हुए थे। बदबू आने के कारण उन्हें फेंक दिया।

 

राठौड़ का ट्वीट- छात्रा की मौत सरकार के माथे पर कलंक

 

नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने ग्रामीण ओलिंपिक में रतनगढ़ में छात्रा की मौत को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ये सरकार के माथे पर कलंक है। उन्होंने आरोप लगाया कि खिलाडिय़ों को दूषित भोजन और पानी दिया जा रहा था।

 

सरकार ने दी पांच लाख रुपए की सहायता

 

जिला कलेक्टर सिद्धार्थ सिहाग ने बताया कि मुख्यमंत्री सहायता कोष से मानवी स्वामी के परिजनों को पांच लाख रुपए की सहायता स्वीकृत की गई है। इधर, स्टूडेंट के घरवाले 15 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। सीएम अशोक गहलोत ने संवेदना व्यक्त करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में वे मानवी के परिजनों के साथ हैं।

Join Whatsapp 26