
गहलोत बोले- जातिगत जनगणना नहीं सर्वे करवाएंगे, जिससे आर्थिक स्थिति का पता चलेगा



खुलासा न्यूज नेटवर्क। विधानसभा चुनावों की आचार संहिता लगने से पहले राजस्थान में जातिगत जनगणना के मुद्दे पर बहस तेज हो गई है। सीएम अशोक गहलोत ने अब जातिगत जनगणना की जगह सर्वे करवाने की घोषणा की है। गहलोत ने कहा कि हम सर्वे करवाएंगे, इसके आदेश तो तत्काल हो जाएंगे। गहलोत शनिवार को जयपुर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। गहलोत ने कहा कि सर्वे होगा, जनगणना तो भारत सरकार करवा सकती है, वह राज्य सरकार नहीं करवा सकती। यह खाली सर्वे हो रहा है, परिवारों का सर्वे हो रहा है, जिससे आर्थिक स्थिति मालूम चल जाएगी। यह हमारी पार्टी का कमिटमेंट है कि हम इसको आगे बढ़ाएंगे। आचार संहिता से जातिगत सर्वे अटकने के सवाल पर गहलोत ने कहा कि जब मैंने कह दिया है तो निर्णय कर दिया जाएगा, उसके बाद में आचार संहिता लागू होती है तो भी इसमें क्या दिक्कत आएगी? सुप्रीम कोर्ट तक में बहस हो चुकी है। बिहार सरकार के पक्ष में फैसला आ चुका है। बिहार सरकार ने किया है, वही मॉडल हम राजस्थान में अपना रहे हैं।

