गौतम अडाणी ने मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ा, बने एशिया के सबसे अमीर बिजनेसमैन - Khulasa Online गौतम अडाणी ने मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ा, बने एशिया के सबसे अमीर बिजनेसमैन - Khulasa Online

गौतम अडाणी ने मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ा, बने एशिया के सबसे अमीर बिजनेसमैन

मुंबई अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी एशिया के सबसे अमीर बिजनेसमैन बन गए हैं। उन्होंने नेटवर्थ के मामले में मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया है। यह उपलब्धि गौतम अडाणी ने पहली बार हासिल की है।

बुधवार को अडाणी ग्रुप की फर्मों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन 10 लाख करोड़ रुपए हो गया। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 14.91 लाख करोड़ रुपए पर आ गया। मार्केट कैप के हिसाब से रिलायंस आगे है, लेकिन गौतम अडाणी की अपनी कंपनियों में हिस्सेदारी रिलायंस समूह की कंपनियों में अंबानी की हिस्सेदारी की तुलना में ज्यादा है। इस वजह से वह अंबानी से ज्यादा अमीर बन गए हैं।

मार्केट कैपिटलाइजेशन का कैल्कुलेशन शेयर की मौजूदा कीमत से शेयरों की संख्या को गुणा करके किया जाता है। वहीं व्यक्ति या कॉर्पोरेशन की संपत्ति में से देनदारियों को घटाने के बाद आई वैल्यू को नेट वर्थ कहा जाता है।

सऊदी अरामको डील टूटने से रिलायंस के शेयर में गिरावट
सऊदी अरामको के साथ 15 अरब डॉलर की डील टूटने के बाद से रिलायंस के शेयरों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। ये गिरावट बुधवार को भी जारी रही। बुधवार को BSE पर रिलायंस का शेयर 1.48% गिरकर 2,350.90 रुपए पर बंद हुआ। इससे निवेशकों की 22,000 करोड़ रुपए की संपत्ति का सफाया हो गया। मुकेश अंबानी को इससे 11,000 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।

रिलायंस अभी भी सबसे वैल्यूएबल फर्म
रिलायंस के शेयरों में गिरावट के बाद इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन 14.91 लाख करोड़ रुपए पर आ गया। हालांकि ये अभी भी भारत की सबसे वैल्यूएबल फर्म है। मुकेश अंबानी के स्वामित्व वाली एक और लिस्टेड कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज इंफ्रास्ट्रक्चर का शेयर 1.57% गिरकर 613.85 रुपए पर आ गया है। इस गिरावट के बाद इसका मार्केट कैप 926.91 करोड़ रुपए हो गया।

अडाणी का नेट मार्केट कैप 4,250 करोड़ रुपए बढ़ा
अडाणी ग्रुप की फर्म्स में बुधवार को ग्रॉस मार्केट कैप में 12,000 करोड़ रुपए और नेट मार्केट कैप में 4,250 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई। इसी के साथ गौतम अडाणी एशिया के सबसे अमीर शख्स बन गए। बुधवार को बाजार में अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 2.76% की तेजी के साथ 1754.65 रुपए पर बंद हुआ। इससे कंपनी का मार्केट कैप 1,92,978.18 करोड़ रुपए हो गया।

  • अडाणी पोर्ट के शेयर 4.59% की तेजी के साथ 762.75 रुपए पर बंद हुए। इससे कंपनी का मार्केट कैप 1,55,734.62 हो गया।
  • अडाणी पावर 105.95 रुपए पर बंद हुआ और मार्केट कैप 40,864.27 करोड़ रुपए पर आ गया।
  • अडाणी ट्रांसमिशन के शेयर 0.85% गिरकर 1924.45 रुपए, अडाणी ग्रीन एनर्जी 1.37% गिरकर 1387.7 रुपए और अडाणी टोटल गैस के शेयर 1.58% गिरकर 1,648.35 रुपए पर बंद हुए।
error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26