गैस रिसाव से सिलेंडर में ब्लास्ट, सात माह की बच्ची की मौत






हनुमानगढ़। जिले के खुईया थाना क्षेत्र के गांव देवासर में रविवार को एक घर में गैस सिलेंडर फटने से 7 माह की बच्ची की मौत हो गई। हादसे में मृतका बच्ची की मां और ढाई साल की बहन गम्भीर रूप से झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से बीकानेर रैफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार यह हादसा देवासर निवासी छत्रपाल के घर में हुआ। रविवार दोपहर करीब 2 बजे उनकी पत्नी सुलोचना खाना बना रही थी। उस वक्त दोनों बेटियां दीक्षा (ढाई साल) और नीतू (7माह) मां के पास ही बैठकर खेल रही थी। इसी दौरान गैस रिसाव से सिलेंडर में आग लग गई और ब्लास्ट हो गया।
इस बीच सिलेंडर फटने से सात माह की मासूम नीतू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, उसकी मां सुलोचना और दीक्षा गम्भीर रूप से झुलस गए। जिला अस्पताल में हालत गम्भीर होने पर माँ-बेटी को पीबीएम बीकानेर रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

