
पूर्व मंत्री महेश जोशी ने किया सरेंडर, जेल में बिताएंगे रात






खुलासा न्यूज नेटवर्क। 900 करोड़ के जल जीवन मिशन घोटाले के मामले में आरोपी पूर्व मंत्री महेश जोशी की अंतरिम जमानत याचिका पर गुरुवार को ईडी कोर्ट में सुनवाई हुई। लेकिन इस पर फैसला शुक्रवार को आएगा। महेश जोशी की ओर नौ दिन की अंतरिम जमानत मांगी गई है। उधर, अंतरिम जमानत की मियाद खत्म होने पर महेश जोशी जयपुर सेंट्रल जेल पहुंचे और सरेंडर कर दिया। उन्हें रात जेल में ही बितानी पड़ेगी। महेश जोशी के वकील दीपक चौहान के अनुसार जोशी को अपनी पत्नी के निधन से जुड़े रीति-रिवाज निभाने हैं। इस दुख की घड़ी में बड़ी संख्या में लोग उनके घर पर पहुंच रहे हैं। ऐसे में महेश जोशी का मौजूद रहना जरूरी है। उनका कहना था कि पत्नी की 13वीं से पहले और उस दिन के अन्य रीति-रिवाज महेश जोशी के हाथों से ही संपन्न होना जरूरी है। ऐसे में उन्हें 9 दिन की अंतरिम जमानत और दी जाए।
बता दें कि महेश जोशी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 24 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। सोमवार को रिमांड खत्म होने पर कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। उनकी पत्नी की मौत होने कोर्ट ने 28 अप्रैल को महेश जोशी को 4 दिन की अंतरिम जमानत दी थी। गुरुवार को महेश जोशी की ओर से कोर्ट में जमानत याचिका लगाई गई थी।


