
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बीकानेर पहुंचे, रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस नेताओं ने किया स्वागत





पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बीकानेर पहुंचे, रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस नेताओं ने किया स्वागत
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार सुबह बीकानेर पहुंचे। यहां रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहलोत का स्वागत किया। गहलोत दो दिन बीकानेर में रहेंगे और यहां अनेक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ ही कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। रेलवे स्टेशन पर सेल्फी लेने वालों से गहलोत परेशान नजर आए। गहलोत देर रात जयपुर से बीकानेर के लिए रवाना हुए थे और सुबह छह बजे बीकानेर रेलवे स्टेशन पहुंच गए। यहां पूर्व मंत्री गोविन्दराम मेघवाल और पूर्व मेयर मकसूद अहमद ने गहलोत का स्वागत किया। शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत भी अपने दल-बल के साथ स्वागत के लिए स्टेशन पहुंचे। वहीं देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग की टीम पर उपस्थित रही। रेलवे स्टेशन से सर्किट हाउस तक जगह-जगह गहलोत का स्वागत किया गया। सर्किट हाउस में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंच गए हैं।
दो दिन रहेंगे बीकानेर
गहलोत दो दिन तक बीकानेर में ही रहेंगे। वे बुधवार सुबह 11 बजे रविंद्र रंगमंच पर आयोजित संविधान सभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहेंगे। इसके बाद शाम चार बजे धरणीधर रंगमंच पर प्रोफेसर अशोक आचार्य की स्मृति में आयोजित व्याख्यान माला में हिस्सा लेंगे। परशुराम छात्रावास में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने छह बजे पहुंचेंगे। गहलोत गुरुवार को गोविन्दराम मेघवाल की ओर से आयोजित सभा को संबोधित करने भी जाएंगे। गुरुवार को ही रामपुरिया लॉ कॉलेज में राजीव गांधी स्टडी सर्कल का कार्यक्रम होगा। गहलोत महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति से जुड़े कार्यकर्ताओं से भी कल ही मुलाकात करेंगे।


