
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए फिलहाल गांधी परिवार से कोई नहीं आएगा चुनावी मैदान में!






पार्टी में बढ़ी खेमेबाजी
कांग्रेस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव में फिलहाल गांधी परिवार से कोई भी प्रत्याशी मैदान में नहीं होगा। ऐसा तब हो रहा है जब पार्टी का एक बड़ा धड़ा राहुल गांधी को बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर देख रहा है। यही नहीं राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में ‘वन मैन शो’ के तौर पर सिर्फ पार्टी ही नहीं बल्कि पार्टी के कद्दावर नेता भी राहुल गांधी को ही प्रमोट कर रहे हैं। पार्टी से जुड़े वरिष्ठ नेता कहते हैं कि कई राज्यों की ओर से राहुल गांधी को ही राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने का प्रस्ताव लाया गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी राहुल गांधी को ही राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का प्रबल दावेदार बता रहे हैं। पार्टी में खेमेबाजी का स्तर यह है कि कांग्रेस पार्टी के ही नेताओं का एक बड़ा धड़ा शशि थरूर को चुनाव लड़ने के लिए आगे बढ़ा रहा है।
कोई भी लड़ सकता है चुनाव!
हालांकि पार्टी से जुड़े एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि शशि थरूर के चुनाव लड़ने की चर्चाओं को लेकर कुछ भी नया नहीं है। पार्टी के उक्त वरिष्ठ नेता कहते हैं कि उनकी पार्टी में चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से होता है। इसलिए शशि थरूर या अशोक गहलोत समेत कोई और भी चाहे तो राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकता है। वे कहते हैं कि इसके लिए किसी की भी अनुमति की आवश्यकता नहीं है। चुनाव लड़ने के लिए इस पूरी प्रक्रिया की जानकारी संबंधित जिम्मेदार व्यवस्थापकों के माध्यम से सभी को दे दी है। ऐसे में हर कोई चुनाव लड़ने के लिए स्वतंत्र है।
हालांकि पार्टी से जुड़े एक नेता कहते हैं कि जिस तरीके से भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी वन मैन शो बनकर उभर रहे हैं, उससे अगर चुनाव चुनाव नहीं लड़ते हैं, तो भी बड़े चेहरे के तौर पर वही माने जाएंगे। उनका कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव निश्चित तौर पर महत्वपूर्ण होगा, लेकिन अभी तक की भारत जोड़ो यात्रा या अन्य आंदोलनों में कांग्रेस का कोई भी दूसरा बड़ा चेहरा नहीं चमक पाया है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि राहुल गांधी भी अगर चुनाव में नामांकन कर आते हैं, तो कोई नई बात नहीं होगी। क्योंकि पार्टी में जनाधार के आधार पर सबसे पहला नाम और बड़ा चेहरा राहुल गांधी का ही आ रहा है।


