
तीसरी लहर में पहली बार 24 घंटे में 2 लाख से ज्यादा नए मामले






देश में बुधवार को कोरोना वायरस के लिहाज से भयावह दिन रहा। तीसरी लहर में पहली बार 24 घंटे के दौरान 2 लाख से ज्यादा केस मिले। रात 9 बजे तक 2 लाख 26 हजार 026 नए कोरोना संक्रमित मिल चुके थे। इस दौरान 76,447 लोग ठीक हुए, लेकिन 355 लोगों की मौत हो गई है। एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में भी 1 लाख 49 हजार 224 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहली बार कुल एक्टिव केस 10 लाख के पार पहुंच गए हैं। फिलहाल 10.98 लाख कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा है।
उधर, दिल्ली में बुधवार का दिन कोरोना वायरस के लिहाज से डरावना रहा। बुधवार को नेशनल कैपिटल में 27,561 नए मामले मिले, जो तीसरी लहर में 24 घंटे के दौरान डेली केसेज में दूसरी सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। राजधानी में 40 मौत भी दर्ज की गई हैं। अब यहां पिछले चार दिन के दौरान 97 लोगों की मौत हो चुकी है। मंगलवार को भी यहां 23 मौत हुई थीं, जो तीसरी लहर में एक दिन में सबसे ज्यादा मौत थीं।
राजधानी में मंगलवार को 21,259 और सोमवार को 19,166 नए केस मिले थे। हालांकि दिल्ली में बुधवार को 14,957 लोग रिकवर भी हुए। अब कुल एक्टिव केस 87,445 हो गए हैं और पॉजिटिविटी रेट 26% पर पहुंच गया है।
महाराष्ट्र में एक दिन में नए मामलों में 12 हजार से ज्यादा की बढ़ोतरी हो गई। मंगलवार को मिले 34,424 केस के मुकाबले बुधवार को 46,723 नए मरीज मिले हैं। अब राज्य में कुल एक्टिव केस बढ़कर 2.4 लाख पर पहुंच गई है।


