
बीकानेर: तीन अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोग घायल





बीकानेर: तीन अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोग घायल
बीकानेर। महाजन क्षेत्र में बुधवार का दिन सड़क हादसों भरा रहा। मंगलवार रात से बुधवार शाम तक क्षेत्र में तीन हादसे हुए। इनमें पांच लोग घायल हुए। जानकारी के अनुसार अरजनसर से पल्लू जाने वाले मेगा हाइवे पर जैतपुर टोल प्लाजा के पास मंगलवार देर रात को आगे चल रहे ट्रक के पीछे पिकअप टकरा गई। महाजन 108 एंबुलेंस के ईएमटी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि हादसे में पिकअप में सवार पल्लू थाना क्षेत्र के नैयासर निवासी आत्माराम व लिखमी चंद घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को महाजन अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बीकानेर पीबीएम अस्पताल में रेफर कर दिया गया। बुधवार सुबह राजमार्ग संया 62 से मोखमपुरा गांव जाने वाली संपर्क सड़क पर दो बाइक आमने सामने टकरा गए। हादसे में बाइक सवार मोखमपुरा निवासी रामसिंह जाखड़ गंभीर घायल हो गया।
वहीं दूसरे बाइक पर सवार महाजन निवासी दीपकसांसी के भी चोट लगी। दोनों घायलों को महाजन अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बाद में रामसिंह को पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसी प्रकार दोपहर को राजमार्ग संया 62 पर महाजन से अरजनसर की तरफ आगे चल रही पिकअप के चालक द्वारा अचानक गाड़ी रोकने से पीछे चल रही बाइक पिकअप में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार सिरसा निवासी काशीराम घायल हो गया। घायल व्यक्ति राजमार्ग संया 62 पर ढाबा चलाता है। घायल को महाजन अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल व्यक्ति को परिजन सिरसा ले गए। पिछले 24 घंटों में हुए तीन सड़क हादसों के कारण पुलिस भागदौड़ करती रही। घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सामाजिक कार्यकर्ता कालूराम स्वामी ने भूमिका निभाई।

