
आखिरकार मानहानि प्रकरण में कोर्ट के समक्ष हाजिऱ हुए सीएम अशोक गहलोत और आ गया ये बड़ा अपडेट






जयपुर।केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की ओर से दायर मानहानि मामले में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज वर्चुअल तौर पर कोर्ट के समक्ष पेश हुए। इस दौरान उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर अपना पक्ष रखा जिसके बाद कोर्ट ने सुनवाई की अगली तारीख 21 अगस्त तय की। गौरतलब है कि दिल्ली की रोज़ एवेन्यू कोर्ट में मानहानि मामले की सुनवाई हो रही है।
इससे पहले कोर्ट ने इस मामले पर मुख्यमंत्री को समन जारी करते हुए जवाब-तलब किया था। कोर्ट ने आज होने वाली सुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री को हाजिऱ होने के निर्देश दिए थे। लेकिन चोटिल होने के कारण वे व्यक्तिगत रुप से कोर्ट के समक्ष हाजिऱ नहीं हो सके। लिहाज़ा आज हुई सुनवाई के दौरान वे जयपुर से वर्चुअल जुड़े और अपना पक्ष रखा।
सीएम गहलोत पर मानहानि मामला
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर मानहानि मामला दायर किया था। दरअसल, फरवरी 2023 में सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट कर गजेंद्र सिंह शेखावत का नाम लेकर उन्हें संजीवनी घोटाले का आरोपी बताया था। उन्होंने कहा था कि एसओजी जांच में संजीवनी घोटाले के अन्य गिरफ्तार आरोपियों के समान ही गजेंद्र सिंह शेखावत का जुर्म प्रमाणित हुआ है। इसके बाद मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दिल्ली कोर्ट में उन्हें बदनाम करने का आरोप लगाते हुए सीएम अशोक गहलोत के खिलाफ आपराधिक मानहानि का केस दायर किया था।
संजीवनी क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी मामला
संजीवनी क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी में राजस्थान में करीब 1 लाख 46 हजार 993 निवेशकों ने 953 करोड़ रुपए निवेश किए थे। जिनका को-ऑपरेटिव सोसायटी ने दुरुपयोग कर लिया। इस घोटाले के मुख्य आरोपी विक्रम सिंह इंद्रोई सहित कई आरोपियों को एसओजी गिरफ्तार कर चुकी है। प्रदेश में संजीवनी क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी ने 211 शाखाएं खोल रखी थी, जबकि गुजरात में इसकी करीब 26 शाखाएं अलग-अलग जगहों पर खोल रखी थी।

