Gold Silver

जिलाध्यक्षों के लिए कांग्रेस में फाइनल एक्सरसाइज शुरू, यह तय- किसी बाहरी व्यक्ति को नहीं बनाया जाएगा जिलाध्यक्ष

खुलास न्यूज। राजस्थान में कांग्रेस अब जल्द ही जिलाध्यक्षों की नियुक्ति करेगी। राजस्थान से कांग्रेस के प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि अगले 2 दिन में इस पर फाइनल एक्सरसाइज शुरू हो जाएगी। इसके बाद कांग्रेस के रायपुर में होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन से पहले ही जिलाध्यक्षों की नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। रायपुर में 24 से 26 फरवरी तक कांग्रेस का अधिवेशन होना है। रंधावा फिलहाल राजस्थान में कोटा के दौरे पर हैं। उन्होंने कहा कि अधिवेशन से पहले जिलाध्यक्षों की लिस्ट आएगी।
रंधावा ने एक चैनल से हुई बातचीत में कहा कि जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के लिए कई आधार पर एक्सरसाइज हो रही है। उन्होंने कहा कि अभी लिस्ट तैयार नहीं है और नामों की घोषणा बाकी है। रंधावा ने कहा कि नामों पर एक्सरसाइज अलग से चल रही है। इसे लेकर यह तय है कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को जिलाध्यक्ष नहीं बनाया जाएगा। रंधावा ने कहा कि जिलाध्यक्ष बनाते समय हम ये देखेंगे कि व्यक्ति का डीएनए कम से कम कांग्रेस का होना चाहिए। संगठन बनाते समय हम इन बातों का ध्यान रखेंगे। रंधावा ने साफ तौर पर कहा कि दूसरी पार्टी से आकर बाहरी व्यक्ति विधायक बन सकता है। मगर संगठन में हम कांग्रेस के ही पुराने लोगों को मौका देंगे।

रंधावा ने कहा कि जिलाध्यक्षों के नाम तय करने को लेकर हम जातिगत समीकरण को भी ध्यान में रख रहे हैं। रंधावा ने बताया कि राजस्थान में जातिगत समीकरण काफी मायने रखता है, इसलिए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति जातिगत फैक्टर को देखते हुए होगी। इसके लिए हम अलग से कवायद करेंगे। रंधावा ने कहा कि जातिगत फैक्टर और कांग्रेस का डीएनए हमारे लिए सबसे बड़ा फैक्टर होगा।

42 जिलाध्यक्ष बनाएगी कांग्रेस
रंधावा कह चुके हैं कि रायपुर अधिवेशन शुरू होने से पहले नियुक्तियां कर दी जाएगी। कांग्रेस राजस्थान में 42 जिलाध्यक्ष घोषित करने वाली है। इसमें से लगभग 35 जिलाध्यक्ष कांग्रेस नए नियुक्त कर सकती है। कांग्रेस ने उदयपुर में हुए चिंतन शिविर में यह तय किया था कि 180 दिनों के भीतर तमाम नियुक्तियां होंगी। मगर, राजस्थान में यह मियाद पूरी हो गई। ऐसे में कांग्रेस कोशिश करेगी कि रायपुर अधिवेशन से पहले कम से कम जिलाध्यक्षों की एक लिस्ट बाहर आ जाए।

Join Whatsapp 26