बीकानेर जेल में महिला कैदी बेलेगी पापड़
बीकानेर। जिला एवं सेशन न्यायाधीश मदनलाल भाटी द्वारा आज केन्द्रीय कारागृह का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महिला कारागृह में महिला बंदियों के लिए पापड़ उद्योग, वस्त्र व सिलाई उद्योग व मसाले बनाने के कार्य का शुभारंभ न्यायाधीश द्वारा किया गया। महिला बंदियों द्वारा कारागृह में अब पापड़ बनाए जाएंगे। श्रीमती विजयलक्ष्मी जोशी (विजयलक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स) के सहयोग से उनको बाजार में विक्रय किया जाएगा तथा 200 कुर्ते व पायजामे तैयार करके अपनाघर आश्रम को नि:शुल्क दिए जाएंगे तथा महिला बंदियों द्वारा जो मसाले तैयार किए जाएंगे वे बीकानेर मंडल के 15 जिलों के अतिरिक्त स्थानीय बाजार में भी विक्रय किए जाएंगे। अधीक्षक केन्द्रीय कारागृह परमजीत सिंह सिद्धु ने बताया कि इस कार्य में खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के संभाग अधिकारी रविन्द्र प्रसाद व्यास, शिवशंकर रंगा व मुरली सिंह यादव, प्रवीण शर्मा का पूर्ण सहयोग रहा। कारागृह के कारापाल विजयसिंह, अलादीन खां, शकुन्तला, लीला प्रजापत, मंजूला व जेल के सभी कर्मचारीगण व महिला बंदीगण की उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।उक्त कार्य से महिला बंदियों के एकांकीपन की समस्या समाप्त होगी तथा साथ ही उनको आर्थिक संबल भी मिलेगा। उक्त कार्य से होने वाली आमदनी महिला बंदियों के खाते में जमा करायी जाएगी तथा यह कार्य उनके जेल से रिहा होने के पश्चात् भी उनको अपनी आजीविका चलाने में भी सहयोगी होगा। कार्यक्रम में भाटी ने उक्त कार्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे महिला बंदियों के लिए अत्यधिक आवश्यक बताया तथा समस्त जेल प्रशासन व सहयोगियों को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम के अन्त मेें परमजीत सिंह सिद्धु द्वारा उपस्थित समस्त विशिष्ट अतिथिगण को धन्यवाद दिया।