
फैक्ट्री में लगी आग,सामान के साथ फैक्ट्री में खड़ी गाड़ी भी जली






चूरू। जिले के रतनगढ़ में रीको स्थित एक फैक्ट्री में देर रात आग लग गई। आग लगने से फैक्ट्री में रखा लाखों का प्लास्टिक दाना जल गया। इस दौरान फैक्ट्री में खड़ी कार भी जलकर राख हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर दमकल की गाडिय़ां मौके पर पहुंची। जिसने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी तरह की जनहानी नहीं हुई।घटना रतनगढ़ रीको क्षेत्र में रोड़ न 6 पर विनायक इंडस्ट्रीज की है। जहां देर रात अचानक आग लग गई। इस दौरान फैक्ट्री में मौजूद दो कर्मचारियों ने आसपास के फैक्ट्री में मौजूद लोगों को आग की सूचना दी। इसके बाद आग बुझाने के प्रयास शुरु किए गए। इसके साथ रतनगढ़ नगर दमकल और पुलिस को सूचना दी गई।
पास की फैक्ट्री को भी नुकसान पहुंचा
आग लगी देख मौके पर लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई। दमकल के पहुंचने से पहले लोगों ने भी आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग के कारण पास की ही एक फैक्ट्री को भी नुकसान पहुंचा। फिलहाल फैक्ट्री मालिक द्वारा नुकसान का जायजा लिया जा रहा है।
शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा कारण
शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फैक्ट्री में प्लास्टिक की कुर्सी बनाने में काम आने वाला प्लास्टिक दाना बनाया जाता था।


