डॉक्टर ने अस्पताल में कार से तीन को कुचला, एक की मौत, प्रेग्नेंट समेत दो महिलाएं घायल - Khulasa Online डॉक्टर ने अस्पताल में कार से तीन को कुचला, एक की मौत, प्रेग्नेंट समेत दो महिलाएं घायल - Khulasa Online

डॉक्टर ने अस्पताल में कार से तीन को कुचला, एक की मौत, प्रेग्नेंट समेत दो महिलाएं घायल

खुलासा न्यूज, नागौर। डॉक्टर की तेज रफ्तार कार ने अस्पताल परिसर में तीन लोगों को कुचल दिया। टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो महिलाएं उछलकर दूर जा गिरी। घायल हुई महिलाओं में एक प्रेग्नेंट है। मामला नागौर के जिला अस्पताल का गुरुवार सुबह का है। हादसे के वक्त डॉक्टर नशे में था। पुलिस ने डॉक्टर को गिरफ्तार कर होंडा सिटी कार को जब्त कर लिया।

नागौर पुलिस के अनुसार, जेएलएन जिला हॉस्पिटल के डॉक्टर वाई.एस. नेगी ने ड्यूटी पर आते समय अपनी कार से तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसा हॉस्पिटल परिसर में ही हुआ। इस हादसे में रोल निवासी भंवरलाल मेघवाल (57) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक भंवरलाल मुंडवा में समाज कल्याण विभाग में कार्यरत थे। वहीं रईसा (40 ) और डाजिया बानो (20) बुरी तरह से घायल हो गई है। डाजिया बानो प्रेग्नेंट है।

डॉक्टर यहीं नहीं रुका और आगे एक प्राइवेट एंबुलेंस से टकराते हुए रेलिंग तोड़ते हुए कार पेड़ से टकरा गई। इसके बाद डॉक्टर कार से बाहर गिर गया। आनन-फानन में हॉस्पिटल स्टाफ ने घायलों और डॉक्टर को संभाला और इलाज के लिए हॉस्पिटल में ले गए।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जिला हॉस्पिटल में फिजिशियन डॉक्टर वाई.एस. नेगी (एमबीबीएस) नशे की हालत में था। इस दौरान उसे खुद को भी चोट आई है। इलाज के बाद डॉक्टर नेगी को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। लोगों ने बताया कि वह करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से कार लेकर हॉस्पिटल परिसर में घुसा।

सांसद बेनीवाल ने की कार्रवाई की मांग
मामले में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा- नागौर में एक चिकित्सक की ओर से लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए एक्सीडेंट कर देना दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। चिकित्सक के खिलाफ हिट एंड रन का केस दर्ज करके और सख्त कार्रवाई करवाने को लेकर रेंज IG अजमेर व SP नागौर को निर्देश दिए हैं।

error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26