
देवीसिंह भाटी का दबदबा, अर्जुनराम मेघवाल के खेमे में मची खलबली






भाटी की भूमिका पर नजर
– अब शहर में दो ही खेमे है, एक देवीसिंह भाटी और दूसरा अर्जुनराम मेघवाल
खुलासा न्यूज़, बीकानेर। निकाय चुनावों को लेकर रणभेरी बज चुकी है और कांग्रेस और भाजपा अपने अपने स्तर पर तैयारियों में जुट गई है। 18 सितंबर को पार्षदों के लिए सीट आरक्षित होगी जबकि महापौर का मामला अक्टूबर के पहले सप्ताह में साफ होगा।
उधर, भाजपा छोड़ चुके पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी की भूमिका भी निकाय चुनाव में महत्वपूर्ण रहने वाली है। हालांकि पिछले कुछ दिनों से भाटी फिर से भाजपा नेताओं के संपर्क में नजर आए हैं, लेकिन स्पष्ट तौर पर पार्टी सदस्य नहीं बने। यह तय है कि वो अपने स्तर पर महापौर के लिए किसी प्रत्याशी को आगे जरूर करेंगे। अगर उनके मन मुताबिक व्यक्ति को भाजपा से टिकट मिल गया तो समर्थन भी दे सकते हैं। हालांकि यह भी तय है कि भाटी विरोधी गुट भी अब पूरी तरह प्रभाव में है।
केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ऐसे किसी व्यक्ति का समर्थन नहीं करेंगे जो भाटी गुट से होगा। लोकसभा चुनाव में भाटी ने अर्जुनराम का जमकर विरोध किया था। फिलहाल यह स्थिति बन रखी है कि भाटी खेमे के लोग खुश दिखाई दे रहे है तो अर्जुनराम मेघवाल के खेमे में खलबली सी मची हुई है।
ज्ञात रहे कि पिछले दिनों पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के बीकानेर दौरे के दौरान मगरे के शेर भाटी ने अगवानी की थी। इस दौरान देवीसिंह भाटी अपने कार्यकर्ताओं के साथ ऐसे पहुंचे कि वहां भाजपा की कमी नजर ही नहीं आई। कार्यकर्ताओं के जोश को देखकर राजे अभिभूत हो गईं थी।


