Gold Silver

संसद में संविधान पर चर्चा : पीएम मोदी बोले- कांग्रेस संविधान का शिकार करती रही, राहुल बोले- द्रोणाचार्य की तरह युवाओं-किसानों का अंगूठा काट रही बीजेपी

खुलासा न्यूज नेटवर्क। पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को संविधान पर चर्चा के दौरान कांग्रेस को संविधान का शिकार करने वाली पार्टी बताया। उन्होंने 1 घंटे 49 मिनट की स्पीच में कहा कि संविधान संशोधन करने का ऐसा खून कांग्रेस के मुंह लग गया कि वह समय-समय पर संविधान का शिकार करती रही। संविधान की आत्मा को लहूलुहान करती रही। करीब 6 दशक में 75 बार संविधान बदला गया। उन्होंने कहा कि इतिहास कह रहा है कि नेहरू से लेकर राजीव गांधी तक सभी ने संविधान का दुरुपयोग किया। इनकी नई पीढ़ी भी उसी रास्ते पर है। नेहरू जी से राजीव गांधी तक कांग्रेस के प्रधानमंत्रियों ने आरक्षण का विरोध किया। नेहरू जी ने लंबी-लंबी चि_ियां लिखीं। मोदी बोले- इमरजेंसी आई, संवैधानिक व्यवस्थाओं को खत्म कर दिया। देश को जेलखाना बना दिया, अधिकारों को लूट लिया, प्रेस की स्वतंत्रता को ताले लगा दिए। कांग्रेस के माथे पर ये जो पाप है, वो कभी भी धुलने वाला नहीं है। जब लोकतंत्र की चर्चा होगी, ये पाप धुलने वाला नहीं है।

राहुल बोले- द्रोणाचार्य की तरह युवाओं-किसानों का अंगूठा काट रही बीजेपी

राहुल गांधी ने भी सदन में अपनी बात रखी। वे करीब 25 मिनट बोले। राहुल ने सावरकर और एकलव्य-द्रोणाचार्य की कहानी सुनाते हुए भाजपा सरकार पर युवाओं का अंगूठा काटने का आरोप लगाया। राहुल ने कहा- जैसे एकलव्य का अंगूठा काटकर द्रोणाचार्य ने उनका हुनर ले लिया था। उसी तरह भाजपा सरकार अग्निवीर से युवाओं का अंगूठा काट रही है। अडाणी को सारे कारोबार, इंडस्ट्री, पोर्ट, एयरपोर्ट देकर किसानों और युवाओं का गला काटा जा रहा है। राहुल के बयान पर युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने जवाब दिया। उन्होंने कहा- आप अंगूठा काटने की बात कर रहे हैं। आपकी सरकार में तो सिखों के गले काटे गए, आपको देश से माफी मांगनी चाहिए।

Join Whatsapp 26