
अस्पताल के कमरे में फंदे से लटके मिले पति-पत्नी के शव, हड़कंप मचा






खुलासा न्यूज, नेटवर्क। उप स्वास्थ्य केंद्र के कमरे में ANM और उसके पति का शव फंदे से लटका मिला। ANM ने 10 दिसंबर को ही यहां पर जॉइन किया था। 1 दिन पहले ही वह अपने पति के साथ यहां पर शिफ्ट हुई थी। मामला जालोर जिले के रामसीन इलाके के कोडिटा का है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर को एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उप स्वास्थ्य केंद्र गई तो उसको दरवाजा बंद मिला। इस पर उसने चितलवाना के डावल गांव निवासी ANM मनीषा (22) को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद उसने लोगों को बताया। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों के आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर डीएसपी सीमा चोपड़ा, रामसीन थाना अधिकारी अवधेश चांदू, ASI किशनाराम मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो मनीषा और उसके पति महेंद्र कुमार मेघवाल फंदे पर लटके हुए थे।
पुलिस ने घरवालों को सूचना दी। घरवालों के आने के बाद दोनों के शव को नीचे उतारकर भीनमाल अस्पताल भेजे, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया गया।
रामसीन थानाधिकारी ने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्र के कमरे में एक ही प्लास्टिक की रस्सी से ANM और उसके पति का शव लटका हुआ था। शव के पास गैस का चूल्हा भी जल रहा था। प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का लग रहा है। जानकारी के अनुसार ANM का पति बाड़मेर में रहकर कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी करता था।


