Gold Silver

नहर में मिले पिता व दो मासूम बच्चों के शव, अवैध संबंधों में बाधा बन रहा था

नहर में मिले पिता व दो मासूम बच्चों के शव, अवैध संबंधों में बाधा बन रहा था
हनुमानगढ़। पिता के साथ उसके दो मासूम बच्चों के शव रात इंदिरा गांधी नहर की 84 आरडी से बरामद हो गए। पिता अपने दोनों बच्चों के साथ तीन दिन से लापता था। रावतसर थाना पुलिस ने तीनों शवों को नहर से बाहर निकलवाकर रावतसर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के मॉच्र्युरी में रखवाया है। युवक के परिजनों ने रावतसर थाने में मृतक युवक की पत्नी, ससुर-सास, पूर्व सरपंच पति सहित पांच जनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज करवाया है।
रावतसर थानाप्रभारी धर्मपाल शेखावत ने बताया कि मृतक विनोद कुमार का उनकी पत्नी तथा ससुरालवालों के साथ विवाद था। जिस पर 20 अक्टूबर को विनोद ने अपने दो बच्चों को दुपट्टे से एक साथ बांध कर इंदिरा गांधी नहर में छलांग लगा दी। आज तीनों के शव बरामद किए हैं। जिन्हें रावतसर अस्पताल की मॉच्र्युरी में रखवाया है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जा रहा हैं। मृतक विनोद कुमार के चाचा के लडक़े ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जिसमें बताया कि उसके भाई का पत्नी और ससुरालवालों के साथ विवाद चल रहा था। उसकी पत्नी का नेतराम नामक व्यक्ति से अवैध संबंध थे। उसको लेकर मन मुटाव था। इसी मन मुटाव को लेकर उन्होंने आत्महत्या कर ली है।
थानाधिकारी ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई हीरालाल (40) पुत्र तुलछाराम नायक निवासी वार्ड 24, रावतसर ने लिखित रिपोर्ट दी है। जिसमें बताया है कि उसके चचेरे भाई विनोद कुमार (32) पुत्र हुकमाराज नायक निवासी चक 3 आरडब्ल्यूएम, रावतसर की शादी उर्मिला पुत्री बीरबल राम नायक निवासी अराइयांवाली के साथ हुई थी। विनोद के दो बेटे पार्थ (7) व मानवीर (4) थे। विनोद कुमार रेलिंग वैल्डिंग का काम करता था।
पत्नी के अवैध संबंध में बना बाधा
विनोद के साथ नेतराम सुथार पुत्र छोटूराम सुथार निवासी खिनानिया तहसील नोहर काम करता था। इस कारण नेतराम का विनोद के घर आना-जाना हो गया। नेतराम के विनोद की पत्नी के साथ अवैध संबंध स्थापित हो गए। इसकी जानकारी विनोद को होने पर उसने ऐतराज किया तो नेतराम व उर्मिला देवी ने विनोद व उसके दोनों बेटों की हत्या करने की योजना बनाई। नेतराम व उर्मिला के अलावा उर्मिला के पिता बीरबल राम, उर्मिला की माता ने मिलकर विनोद को प्रताडि़त करना शुरू कर दिया।
नेतराम व उर्मिला देवी ने विनोद कुमार को धमकी दी कि वे उसकी व उसके पुत्रों की हत्या कर लाशों के टुकड़े-टुकड़े कर उनका नामों निशान मिटा देंगे। इससे विनोद काफी परेशान हो गया और डर कर रहने लगा। कुछ समय पहले उर्मिला अपने पीहर चली गई और नेतराम के साथ शादी कर ली। जबकि विनोद कुमार ने उर्मिला को तलाक देने से इंकार कर दिया। उर्मिला व नेतराम की शादी करवाने में उर्मिला के पिता बीरबल राम व उर्मिला की माता के अलावा अराइयांवाली के पूर्व सरपंच पति भागीरथ गोदारा ने भी सहयोग किया। इन लोगों ने उर्मिला को विनोद के पास नहीं भेजा।
लगातार मिल रही थी जान से मारने की धमकी
पूर्व सरपंच पति भागीरथ गोदारा ने विनोद को धमकी दी कि उसका दिमाग उल्टा है और वह कुछ भी कर सकता हैं। इन लोगों ने 8 सितम्बर को कुछ बदमाशों को विनोद के घर में भेजकर विनोद व उसकी मां के साथ मारपीट कर हत्या का प्रयास किया। विनोद ने शोर मचाया तो अड़ोस-पड़ोस के व्यक्ति भाग कर आए। उन्होंने इन लोगों को पकड़ लिया और रावतसर पुलिस थाना में सूचना दी। पुलिस ने हमला करने वाले लोगों को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट रावतसर में पेश किया जहां से उनको जमानत पर छोड़ दिया गया। उसके बाद से नेतराम, उर्मिला, बीरबल राम व उर्मिला की माता लगातार विनोद को उसे और उसके बच्चों को मारने की धमकी दे रहे थे। लगातार धम​की मिलने से विनोद डर गया। आरोपियों ने विनोद को जीवन लीला समाप्त करने के लिए मजबूर कर दिया। इस कारण 20 अक्टूबर को विनोद कुमार ने अपने दोनों बेटों पार्थ व मानवीर को साथ लेकर इंदिरा गांधी नहर में छलांग लगा दी।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
थानाधिकारी ने बताया कि परिवार के लोगों की सूचना पर लखूवाली चौकी पुलिस के जवान इंदिरा गांधी नहर के किनारे से विनोद की मोटर साइकिल, मोबाइल फोन व एक कागज को साथ ले गए। उसी दिन से विनोद और उसके बेटों की तलाश चल रही थी। मंगलवार रात करीब दो बजे विनोद और उसके दोनों बेटों के शव इंदिरा गांधी नहर में मिले। पुलिस ने नेतराम, उर्मिला, उर्मिला के पिता बीरबल राम, उर्मिला की माता व पूर्व सरपंच पति भागीरथ गोदारा के खिलाफ बीएनएस की धारा 108, 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जांच थाना प्रभारी धर्मपाल कर रहे हैं।

Join Whatsapp 26