
ट्यूबवेल की केबल फाल्ट होने से पानी में फैला करंट, चपेट में आने से गाय की मौत






ट्यूबवेल की केबल फाल्ट होने से पानी में फैला करंट, चपेट में आने से गाय की मौत
खुलासा न्यूज़। गांव बड़ी कातर में पानी में करंट फैला होने से गाय की मौके पर मृत्यु हुई। गाय खेली पर पानी पीने गई। पास में बने जलदाय विभाग की ट्यूबवेल की केबल फॉल्ट से करंट पानी में फैल था। करंट की चपेट में आकर गाय की मौके पर मौत हो गई। घटना शुक्रवार शाम की है। गाय पानी पीने ट्यूबवेल के पास गई थी। तभी करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गाय के मालिक रावताराम मेघवाल ने बताया कि गाय दो साल की थी। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
उन्होंने विरोध जताते हुए गाय का शव नहीं उठाने दिया। पूरी रात शव के पास पहरा दिया। ग्रामीणों ने कहा कि जलदाय विभाग की लापरवाही से हादसा हुआ। ट्यूबवेल के पास जलभराव था। कीचड़ में डूबी फॉल्ट केबल से करीब 1000 वर्गफीट क्षेत्र में करंट फैल गया था। इसी रास्ते से लोग और पशु रोज गुजरते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि यह बड़ी दुर्घटना बन सकती थी। सूचना पर कातर चौकी पुलिस और चिकित्सा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जलदाय विभाग के अधिकारी और ठेकेदार देर रात तक नहीं आए। इससे ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया।
उन्होंने कहा कि जब तक कानूनी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक शव नहीं उठने देंगे। रात में ठेकेदार की ओर से दो हेल्पर केबल बदलने पहुंचे। लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें लौटा दिया। कहा कि पहले अधिकारी आएं, ठेकेदार की जवाबदेही तय हो, तभी मरम्मत होगी। पीएचईडी के एईएन मनोज मावर ने बताया कि केबल में ज्वाइंट था। उस पर टेप लगाई गई थी। तेज धूप से केबल फट गई। इससे पानी में करंट फैल गया। उसे कर्मचारियों को भेजकर सही करवाया दिया गया है।


