
सीपी जोशी छोड़ेंगे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पद!, इस्तीफे की पेशकश की, नए नाम की चर्चा पकड़ रही जोर






खुलासा न्यूज बीकानेर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने अपने पद से इस्तीफे की पेशकश कर दी है। पिछले 4 दिन से जोशी दिल्ली में है। वे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिले भी थे। जोशी ने इस्तीफे की एक बार पहले भी लोकसभा चुनावों के परिणाम आते ही पेशकश कर दी थी। जोशी विधानसभा चुनावों के परिणामों (दिसंबर-2023) में राजस्थान में भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही पद छोडऩा चाहते थे। उन्हें पार्टी आलाकमान ने पद पर बने रहने को कहा था। उनके नेतृत्व में पार्टी की सरकार बन गई थी, वे किसी नए नेता को कमान सौंपना चाहते थे। लोकसभा चुनाव से पहले भी जोशी ने आलाकमान को कहा था, वे स्वयं चित्तौडग़ढ़ से चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में प्रदेश भर में चुनाव प्रचार नहीं कर सकेंगे। हालांकि आलाकमान ने उन्हें पद पर बने रहने को कह दिया था। अब लोकसभा के चुनाव परिणाम आए भी करीब डेढ़ महीना हो गया है। ऐसे में उन्होंने पद छोडऩे की पेशकश एक बार फिर कर दी है। सूत्रों का कहना है कि जल्द ही उनका इस्तीफा मंजूर हो जाएगा। किसी नए प्रदेशाध्यक्ष के नेतृत्व में ही पांच सीटों पर विधानसभा उप चुनाव होंगे।
नए प्रदेशाध्यक्ष की चर्चाओं पकड़ रही जोर
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के इस्तीफे की पेशकश के बाद अब पार्टी में नए प्रदेशाध्यक्ष की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। सबके मन में दो बड़े सवाल हैं कि सीपी जोशी का इस्तीफा स्वीकार हुआ तो प्रदेश में पार्टी का अगला मुखिया कौन होगा और जोशी की नई भूमिका क्या होगी? सूत्रों की मानें तो प्रदेश में सोशल इंजीनियरिंग के हिसाब से अगला प्रदेशाध्यक्ष मूल ओबीसी वर्ग से हो सकता है। आगामी विधानसभा उप चुनाव को देखते हुए पार्टी ओबीसी वर्ग से जाट चेहरे पर भी दांव खेल सकती है।


